अंडर-19 विश्व कप: हेनिल के 5/16 से भारत ने अमेरिका को 107 पर समेटा

Henil Patel

बुलावायो (जिम्बाब्वे), 15 जनवरी (पीटीआई) हेनिल पटेल की अगुआई में भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां अपने आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के पहले मुकाबले में अमेरिका को 35.2 ओवर में मात्र 107 रन पर ढेर कर दिया।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल ने सात ओवर में एक मेडन सहित 16 रन देकर पांच विकेट लिए। बादलों से घिरे मौसम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए उन्होंने अमेरिका के मध्यक्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

हेनिल ने अपने पहले ही ओवर में अमरिंदर गिल (1) को स्लिप में विहान मल्होत्रा के हाथों कैच कराकर सफलता दिलाई। इसके बाद लंबे कद के तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने साहिल गर्ग (16) को तीसरे मैन पर हेनिल के हाथों कैच कराकर अमेरिका का स्कोर नौ ओवर में 29/2 कर दिया।

हेनिल ने इसके बाद एक ही ओवर में दो झटके देते हुए कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव को बिना खाता खोले आउट किया और विकेटकीपर अर्जुन महेश (16) को भी पवेलियन भेज दिया। इससे अमेरिका का स्कोर 35/4 हो गया।

वह यहीं नहीं रुके और जल्द ही एक ढीला शॉट खेलते हुए महेश को तीसरे मैन पर कैच करा कर अपना तीसरा विकेट लिया। इसके बाद अमेरिकी टीम संभल नहीं सकी।

लेग स्पिनर खिलान पटेल ने भी गेंदबाजी में आते ही अमोघ अरेपल्ली (3) को आउट कर दिया और 16वें ओवर में अमेरिका का स्कोर 39/5 हो गया।

नितीश सुदिनी ने 52 गेंदों में 36 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया। उन्होंने चार चौके लगाए और अदनित झांब (18) के साथ छठे विकेट के लिए 30 रन जोड़कर टीम को 50 रन के पार पहुंचाया।

हालांकि, हेनिल ने वापसी करते हुए सब्रिश प्रसाद (7) और ऋषभ शिंपी (0) को आउट कर अपने पांच विकेट पूरे किए और अमेरिका की पारी 35.2 ओवर में समाप्त हो गई।

ग्रुप बी में भारत के साथ बांग्लादेश और न्यूजीलैंड भी शामिल हैं।

संक्षिप्त स्कोर:

अमेरिका 107 रन, 35.2 ओवर (नितीश सुदिनी 36; हेनिल पटेल 5/16) बनाम भारत। पीटीआई

श्रेणी: ताजा खबर

एसईओ टैग: #स्वदेशी, #समाचार, अंडर-19 विश्व कप, भारत बनाम अमेरिका