नई दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय हॉकी के दिग्गज गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश ने कहा है कि वे अगले पाँच वर्षों में सीनियर राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बनने का अपना सपना पूरा करना चाहते हैं। इस दौरान वे जूनियर स्तर पर काम करके आवश्यक परिपक्वता हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।
वर्तमान में श्रीजेश जूनियर पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच हैं और पहले ही सीनियर टीम की अगुवाई करने की अपनी इच्छा जता चुके हैं।
श्रीजेश ने पीटीआई से खास बातचीत में कहा, “कोचिंग मेरे लिए नई है। मैंने 25 साल तक हॉकी खेली है। इसलिए जूनियर्स मेरे लिए सीखने का सही मंच हैं। सब-जूनियर स्तर पर धैर्य चाहिए क्योंकि वहाँ बुनियादी चीजें सिखानी पड़ती हैं, जो मुझसे नहीं होगा।”
उन्होंने कहा, “खिलाड़ी से कोच बनने की यह एक प्रक्रिया है। मुझे सीनियर कोच बनने की परिपक्वता हासिल करनी है। अचानक से छलांग नहीं लगा सकता। लेकिन यह निश्चित रूप से मेरा भविष्य का लक्ष्य है। मैंने एफआईएच लेवल 3 कोचिंग कोर्स किया है। पाँच-छह साल में मेरे पास भारतीय सीनियर टीम का कोच बनने का अनुभव होगा।”
दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश वर्तमान में एचआईएल टीम दिल्ली एसजी पाइपर्स के हॉकी निदेशक भी हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के पास 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होने वाले जूनियर वर्ल्ड कप में पदक जीतने की क्षमता है।
भारत 11 से 19 अक्टूबर तक मलेशिया में सुल्तान ऑफ जोहोर कप में खेलेगा। श्रीजेश के मुताबिक, यह टूर्नामेंट टीम की कमजोरियों पर काम करने का सुनहरा मौका होगा।
श्रीजेश जूनियर खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों के साथ-साथ प्रेरणादायी किताबें पढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे खिलाड़ियों को टिम एस. ग्रोवर और शैरी लेसर वेन्क की किताब Relentless पढ़ा रहे हैं, जो माइकल जॉर्डन और कोबी ब्रायंट जैसे खिलाड़ियों के जुनून और मेहनत पर आधारित है।
उन्होंने कहा, “मोबाइल की लत से दूर रखने के लिए हम उन्हें रोजाना एक घंटे किताब पढ़ने को कहते हैं। इस दौरान वे एक अलग ही दुनिया में होते हैं।”
दिल्ली एसजी पाइपर्स की पुरुष और महिला दोनों टीमें पिछले साल एचआईएल में सबसे नीचे रहीं थीं। इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। श्रीजेश ने बताया कि मिनी नीलामी में पुरुष टीम के पास लगभग 51 लाख रुपये और महिला टीम के पास 76 लाख रुपये बचे हैं। पुरुष टीम के लिए एक प्लेमेकर और महिला टीम के लिए आठ खिलाड़ियों की आवश्यकता है।
श्रेणी: ताज़ा खबर
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, पीआर श्रीजेश, हॉकी, सीनियर टीम कोच, जूनियर टीम, HIL

