
मेलबर्न, 23 जनवरी (एपी) शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने शुक्रवार को अपने खेल में आई कई अस्थिरताओं पर काबू पाते हुए अनास्तासिया पोटापोवा को 7-6 (4), 7-6 (7) से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन के चौथे दौर में प्रवेश किया।
चार वर्षों में तीसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने की कोशिश कर रहीं सबालेंका पहले सेट में 6-5 और 40-0 से आगे थीं, लेकिन पोटापोवा ने तीनों सेट प्वाइंट बचाकर मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंचा दिया। टाईब्रेक में सबालेंका ने 3-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन पोटापोवा ने स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।
सबालेंका को दो और सेट प्वाइंट मिले और उन्होंने पोटापोवा की दूसरी सर्विस पर डाउन-द-लाइन बैकहैंड विनर लगाकर पहला सेट अपने नाम किया।
दूसरे सेट में 4-0 से पिछड़ने के बाद पोटापोवा ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया और एक बार फिर टाईब्रेक तक मैच ले गईं। टाईब्रेक में पोटापोवा के पास सेट जीतने के तीन मौके थे, लेकिन दबाव के क्षणों में सबालेंका ने शानदार वापसी की।
मैच के बाद ऑन-कोर्ट टीवी इंटरव्यू में सबालेंका ने कहा,
“उन्होंने अविश्वसनीय टेनिस खेला। मैं लगातार दबाव में थी। कुछ दिन ऐसे होते हैं जब आपको बस लड़ना होता है… और यह सच में एक जबरदस्त लड़ाई थी।”
सबालेंका ने 2023 और 2024 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था और उससे एक साल पहले मैडिसन कीज़ से फाइनल में हारकर उपविजेता रही थीं। वह दो बार यूएस ओपन का खिताब भी जीत चुकी हैं।
अन्य महिला मुकाबलों में, 17वीं वरीय विक्टोरिया म्बोको ने 14वीं वरीय क्लारा टाउसन को 7-6 (5), 5-7, 6-3 से हराया।
पुरुष वर्ग में, अमेरिका के 25वीं वरीय लर्नर टिएन ने नूनो बोर्जेस को 7-6 (9), 6-4, 6-2 से मात दी।
शुक्रवार को बाद के मुकाबलों में, शीर्ष वरीय कार्लोस अल्कराज का सामना कोरेंटिन मोते से, दानिल मेदवेदेव का फैबियन मारोज़ान से और तीसरी वरीय कोको गॉफ का अपनी ही हमवतन हैली बैपटिस्ट से हुआ।
