अभिनेत्री तमन्ना ने ‘गैर-कन्नड़िगा’ विवाद के बीच केएसडीएल की ब्रांड एंबेसडर की भूमिका संभाली

Bengaluru: Karnataka Large & Medium Industries Minister MB Patil, right, with MLA CS Nadagouda, left, felicitate bollywood actor and Karnataka Soaps and Detergents Limited (KSDL) Brand Ambassador Tamannaah Bhatia during an event to unveil new products, in Bengaluru, Karnataka, Tuesday, Feb. 10, 2026. (PTI Photo/Shailendra Bhojak)(PTI02_10_2026_000539B)

बेंगलुरु, 11 फरवरी (पीटीआई) अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने औपचारिक रूप से केएसडीएल की ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपनी भूमिका संभाली, हालांकि कुछ लोगों, जिनमें एक भाजपा सांसद भी शामिल हैं, ने प्रसिद्ध मैसूर सैंडल सोप का प्रतिनिधित्व करने के लिए गैर-कन्नड़ भाषी अभिनेत्री को चुनने के फैसले पर सवाल उठाए।

सरकार ने अपने निर्णय का बचाव करते हुए कहा कि भाटिया का चयन योग्यता और व्यावसायिक दृष्टिकोण के आधार पर किया गया है।

राज्य के स्वामित्व वाली कर्नाटक सोप्स एंड डिटर्जेंट्स लिमिटेड (केएसडीएल), जिसकी विरासत एक सदी से अधिक पुरानी है, के उत्पादों की बाजार उपस्थिति मजबूत करने के प्रयासों के तहत भाटिया का दो वर्षीय कार्यकाल मंगलवार से शुरू हुआ।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाटिया ने संगठन के 57 उत्पादों का अनावरण किया, जिनमें मैसूर सैंडल सोप भी शामिल है, जिसे नए और आधुनिक पैकेजिंग में पेश किया गया है।

नई पैकेजिंग वाले उत्पादों में चंदन तेल, चमेली सुगंधित साबुन, इत्र, टूथपेस्ट, नारियल तेल, पेट्रोलियम जेली और ऑर्गेनिक उत्पाद शामिल हैं, जिससे कुल उत्पादों की संख्या लगभग 60 हो गई है।

कार्यक्रम के दौरान भाटिया ने कहा, “मैसूर सैंडल सोप सिर्फ एक साबुन नहीं है। यह भावनाओं, बचपन की यादों और पुरानी स्मृतियों से जुड़ा है।”

भाजपा सांसद के सुधाकर ने ‘एक्स’ पर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कर्नाटक के सितारों की अनदेखी करना ‘कन्नड़ विरोधी मानसिकता’ का प्रमाण है।

राज्य के उद्योग मंत्री एम बी पाटिल ने कहा कि यह पूरी तरह व्यावसायिक निर्णय है, क्योंकि मैसूर सैंडल की बिक्री कर्नाटक तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य में इसकी बिक्री 8-12 प्रतिशत है, जबकि तेलंगाना और अन्य राज्यों में 18 प्रतिशत, उत्तर भारत में 8 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 1 प्रतिशत है।