अमेरिका के साथ व्यापार घटने के बावजूद जनवरी-फरवरी में चीन के निर्यात में तेज बढ़ोतरी

us
{Wikipedia}

हांगकांग, 10 मार्च (एपी) अमेरिका के अलावा अन्य देशों के साथ व्यापार बढ़ने के कारण चीन के निर्यात में इस साल के पहले दो महीनों में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

चीन की सीमा शुल्क एजेंसी द्वारा मंगलवार को जारी किए गए निर्यात के आंकड़े अर्थशास्त्रियों के अनुमान से कहीं बेहतर रहे। यह दिसंबर में दर्ज 6.6 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर से काफी अधिक है।

जनवरी और फरवरी में आयात लगभग 20 प्रतिशत बढ़ा, जबकि दिसंबर में यह साल-दर-साल आधार पर 5.7 प्रतिशत बढ़ा था। हालांकि, अमेरिका से चीन के आयात में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 27 प्रतिशत की गिरावट आई।

अमेरिका के साथ तनाव के बावजूद चीन के निर्यात उसकी अर्थव्यवस्था के लिए एक उजला पक्ष बना हुआ है। 2025 में चीन के निर्यात में 5.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि उसका व्यापार अधिशेष बढ़कर लगभग 1.2 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यूरोप और लैटिन अमेरिका सहित अन्य क्षेत्रों में अधिक आपूर्ति ने अमेरिका को होने वाले निर्यात में 20 प्रतिशत की गिरावट की भरपाई करने में मदद की, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के कई हिस्सों से आयात पर कई प्रकार के अधिक टैरिफ लगा दिए थे।

जनवरी-फरवरी में चीन का वैश्विक व्यापार अधिशेष 213.6 अरब डॉलर रहा। हर साल जनवरी से फरवरी के व्यापार आंकड़ों को आम तौर पर एक साथ जारी किया जाता है, ताकि साल के सबसे बड़े त्योहार चंद्र नववर्ष के मौसमी प्रभाव को संतुलित किया जा सके।

संपत्ति क्षेत्र में कई वर्षों से चली आ रही मंदी के कारण धीमी घरेलू अर्थव्यवस्था दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर दबाव डाल रही है। पिछले सप्ताह चीनी नेताओं ने 2026 के लिए 4.5 प्रतिशत से 5 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि का लक्ष्य घोषित किया, जो 1991 के बाद सबसे कम है।

मध्य पूर्व में युद्ध ने व्यापार के भविष्य और चीन की अपनी ऊर्जा सुरक्षा को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ा दी है।

हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य की प्रभावी नाकेबंदी, जो दुनिया के तेल और गैस व्यापार के बड़े हिस्से का पारगमन मार्ग है, चीन की अपेक्षाकृत सस्ते ईरानी तेल तक पहुंच को सीमित कर सकती है और क्षेत्र के साथ उसके व्यापक व्यापार को भी बाधित कर सकती है।

बैंक ऑफ अमेरिका के अर्थशास्त्रियों ने एक शोध नोट में लिखा कि ट्रंप के व्यापक टैरिफ के खिलाफ अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले, जिसके परिणामस्वरूप चीन सहित कई देशों के लिए टैरिफ पहले ही कम हो गए हैं, संभवतः “चीनी निर्यात को मामूली समर्थन प्रदान कर सकते हैं।”

मार्च के अंत में ट्रंप की बीजिंग यात्रा की योजना पर करीबी नजर रखी जा रही है, क्योंकि इससे पिछले साल अक्टूबर में दोनों देशों के बीच हुए व्यापार युद्धविराम को आगे बढ़ाने की संभावना बन सकती है, जो अमेरिका को चीन के निर्यात के लिए सकारात्मक खबर हो सकती है। (एपी) एससीवाई एससीवाई

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #न्यूज़, अमेरिका के साथ व्यापार घटने के बावजूद जनवरी-फरवरी में चीन के निर्यात में तेज बढ़ोतरी