
पटना, 19 फरवरी (पीटीआई) — वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि इससे देश “आत्मनिर्भर बनने के बजाय अमेरिका पर निर्भर” हो जाएगा।
हरियाणा से सांसद हुड्डा ने पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में यह टिप्पणी की। उन्होंने भाजपा सरकार पर “मजबूत के बजाय कमजोर” दिखने का भी आरोप लगाया।
हुड्डा ने कहा, “इस व्यापार समझौते के बाद लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या हम आत्मनिर्भर भारत की जगह ‘अमेरिका निर्भर भारत’ की ओर बढ़ रहे हैं? हमें मजबूत सरकार के बजाय मजबूर सरकार दिखाई दे रही है।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस समझौते ने “हमारे किसानों के हितों से समझौता किया है, देश की ऊर्जा सुरक्षा को खतरे में डाला है और भारत की डेटा गोपनीयता तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था को जोखिम में डाल दिया है।”
उन्होंने कहा, “ट्रंप प्रशासन के आगे झुकते हुए मोदी सरकार ने पहले ही अमेरिका से कपास का आयात शुरू कर दिया है। देश के कपास किसानों को दोहरा झटका लगा है। वे बांग्लादेश को अपना उत्पाद निर्यात नहीं कर पा रहे हैं और कीमतें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से प्रति क्विंटल 1,000 रुपये तक कम हो गई हैं।”
हुड्डा ने दावा किया कि अमेरिका से आने वाले फलों और मेवों पर आयात शुल्क में छूट देने से जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लाखों किसान प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा, “यह व्यापार समझौता भारत को अमेरिका से तेल खरीदने के लिए भी बाध्य करता है, जबकि रूस और ईरान से पहले से ही प्रतिस्पर्धी कीमतों पर तेल उपलब्ध है। समझौते में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि रूस से सीधे या परोक्ष रूप से तेल आयात किया गया तो भारत पर नई पेनल्टी लग सकती है। देश जानना चाहता है कि सरकार ने ऐसी शर्तों को क्यों स्वीकार किया।”
