
टोरंटो, 24 फरवरी (एपी) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस सप्ताह और अगले सप्ताह भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर जा रहे हैं। उनके कार्यालय ने सोमवार को घोषणा की कि यह अमेरिका से व्यापार को विविधीकृत करने के उनके नवीनतम प्रयास का हिस्सा है।
कार्नी गुरुवार को सबसे पहले मुंबई का दौरा करेंगे, जहां वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योग जगत के नेताओं से वार्ता करेंगे।
कैनबरा में ठहराव के दौरान कार्नी ऑस्ट्रेलिया की संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगे, जिससे वह 20 वर्षों में ऐसा करने वाले पहले कनाडाई प्रधानमंत्री बनेंगे।
वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से भी मुलाकात करेंगे और रक्षा तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता में प्रगति पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद कार्नी टोक्यो जाएंगे, जहां वह जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची सानाए से स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और खाद्य सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।
कार्नी ने एक बयान में कहा, “एक अधिक अनिश्चित दुनिया में, कनाडा उन बातों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं। हम अपने व्यापार को विविधीकृत कर रहे हैं और बड़े पैमाने पर नए निवेश आकर्षित कर रहे हैं।”
कार्नी ने अगले दशक में अमेरिका के अलावा अन्य देशों को होने वाले निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनका कहना है कि अमेरिकी शुल्क निवेश में ठंडक पैदा कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा की अर्थव्यवस्था और संप्रभुता को शुल्कों के जरिए धमकी देते रहे हैं और यहां तक दावा किया है कि कनाडा “51वां राज्य” बन सकता है। हाल ही में ट्रंप ने कनाडा के प्रस्तावित चीन व्यापार समझौते को लेकर कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी दी, जिससे लंबे समय से अमेरिकी सहयोगी रहे कनाडा और कार्नी के साथ उनका विवाद और गहरा हो गया।
पिछले महीने दावोस में विश्व आर्थिक मंच में कार्नी ने छोटे देशों पर बड़ी शक्तियों द्वारा आर्थिक दबाव की निंदा की। प्रधानमंत्री को अपने वक्तव्य के लिए व्यापक प्रशंसा और ध्यान मिला, जिससे वह उस बैठक में ट्रंप पर भारी पड़े।
दो वर्षों के तनावपूर्ण संबंधों के बाद कनाडा और भारत ने पिछले वर्ष व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए। 2024 में भारत कनाडा का सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था।
जून 2023 में वैंकूवर के पास एक कनाडाई सिख कार्यकर्ता की हत्या में नई दिल्ली की भूमिका होने का आरोप कनाडाई पुलिस द्वारा लगाए जाने के बाद से कनाडा और भारत के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।
विदेशी भूमि पर हत्या की साजिश रचने का आरोप भारतीय अधिकारियों पर लगाने वाला कनाडा अकेला देश नहीं है।
2023 में अमेरिकी अभियोजकों ने कहा कि एक भारतीय सरकारी अधिकारी ने न्यूयॉर्क में एक अन्य सिख अलगाववादी नेता की हत्या की विफल साजिश का निर्देशन किया था। इस महीने की शुरुआत में भारत के एक व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने सिख अलगाववादी नेता की हत्या के लिए एक भाड़े के हत्यारे को नियुक्त करने की साजिश रची थी। (एपी) एमपीएल एमपीएल
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग: #स्वदेशी, #न्यूज़, पीएम कार्नी अमेरिका से अलग कनाडा के व्यापार को विविधीकृत करने के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर
