अमेरिकी नेता ने हनुमान पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, हुआ विवाद

ह्यूस्टन, 23 सितंबर (पीटीआई) एक अमेरिकी राजनेता ने हिंदू भगवान हनुमान को “झूठा” कहकर और अमेरिका को “क्रिश्चियन नेशन” घोषित करते हुए विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद समुदाय के सदस्यों और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

टेक्सास में स्थित 90 फुट ऊंची कांस्य हनुमान प्रतिमा का एक वीडियो साझा करते हुए रिपब्लिकन नेता अलेक्जेंडर डंकन ने पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर लिखा, “हम टेक्सास में एक झूठे हिंदू भगवान की झूठी प्रतिमा को क्यों अनुमति दे रहे हैं? हम एक क्रिश्चियन नेशन हैं!”

उनकी इस टिप्पणी पर हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। संगठन ने टेक्सास रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवार की आलोचना करते हुए इसे “हिंदू विरोधी नफरत” करार दिया और पार्टी से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फाउंडेशन ने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ टेक्सास के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग करते हुए लिखा, “हैलो @TexasGOP, क्या आप अपनी पार्टी के सीनेट उम्मीदवार को अनुशासित करेंगे, जिन्होंने खुले तौर पर भेदभाव विरोधी आपके अपने दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया है – घृणित हिंदू विरोधी नफरत प्रदर्शित करते हुए – और प्रथम संशोधन के Establishment Clause का अपमान किया है?”

हनुमान प्रतिमा, जिसे स्टैच्यू ऑफ यूनियन के नाम से भी जाना जाता है, शुगर लैंड स्थित श्री अष्टलक्ष्मी मंदिर में स्थापित है। यह उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा है।

डंकन की टिप्पणी पर इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने भी नाराजगी जताई।

एक यूजर ने लिखा, “सिर्फ इसलिए कि आप हिंदू नहीं हैं, इसका मतलब यह नहीं कि यह झूठा है। वेद यीशु के जन्म से लगभग 2000 साल पहले लिखे गए थे और यह अद्भुत ग्रंथ हैं। इनमें से कई प्रभाव ईसाई धर्म पर भी स्पष्ट हैं… इसलिए इसे सम्मान देना और अध्ययन करना बुद्धिमानी होगी।”

एक अन्य यूजर ने कहा कि एक प्रतिमा का होना “किसी पर धर्म थोपना” नहीं है।

उसने लिखा, “हम एक क्रिश्चियन बहुसंख्यक देश हो सकते हैं, लेकिन अगर आप यह दावा करते हैं कि यहां अन्य आस्थाओं की अनुमति नहीं है, तो आप धर्मतंत्र की वकालत कर रहे हैं, जो अमेरिकी मूल्यों के खिलाफ है।”

टेक्सास GOP ने अभी तक इस विवाद पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, अमेरिकी नेता ने हनुमान पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, हुआ विवाद