गुवाहाटी, 28 फरवरी (भाषा) असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए महिलाओं को भाजपा की रैलियों में भाग लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
शिवसागर जिले के विभिन्न हिस्सों में ‘समय परिवर्तन यात्रा’ के हिस्से के रूप में जनसभाओं को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आती है, तो महिलाओं को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा सामाजिक कल्याण योजनाओं पर ‘पुनर्विचार और सुधार’ करेगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के लोग आगामी विधानसभा चुनावों में “भय और धमकी” की राजनीति को खारिज करने और कांग्रेस में अपना विश्वास जताने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो नीतियों पर पुनर्विचार किया जाएगा और उनमें सुधार किया जाएगा, और योग्य महिलाओं को पार्टी की बैठकों में शामिल हुए बिना सीधे उनके बैंक खातों में लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा, “राज्य की महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं रहना चाहती हैं, जैसा कि भाजपा सरकार समझती है। वे अब आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं और अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं।
राज्य की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार अन्य लाभों के साथ ‘ओरुनुदोई’ योजना के हिस्से के रूप में पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,250 रुपये प्रदान करती है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने कहा कि लोग अब शांतिपूर्ण और “नटुन बोर असम” चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ज्यादती से अब कोई नहीं डरता है। लोग खुले दिल से कांग्रेस का स्वागत कर रहे हैं और उनके समर्थन का आश्वासन दे रहे हैं।
यात्रा से इतर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने गायक जुबिन गर्ग और उनके श्मशान घाट की उपेक्षा की है।
उन्होंने कहा, “सरकार ने ‘जुबिन क्षेत्र” को उचित सम्मान नहीं दिया है। मुख्यमंत्री स्व-प्रचार में व्यस्त हैं। ‘जुबिन क्षेत्र’ का ठीक से रखरखाव नहीं किया गया है। इसके विकास के लिए कोई महत्वपूर्ण कदम नहीं उठाए गए हैं।
“प्रशंसकों और परिवार के सदस्यों को साइट की सफाई और रखरखाव खुद करना पड़ा है। इससे साबित होता है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक सरकार जो अक्सर फ्लाईओवर बनाने की बात करती है, उसने जुबिन क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया है।
गोगोई के साथ राज्य के विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया और सांसद प्रद्युत बोरदोलोई भी थे। पीटीआई एसएसजी एसएसजी एसओएम
वर्गः ब्रेकिंग न्यूज एसईओ #swadesi, #News, महिलाओं को असम सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भाजपा की रैलियों में भाग लेने के लिए मजबूर किया जा रहा हैः गोगोई

