नई दिल्ली, 4 जून (पीटीआई)
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के एक 25 वर्षीय पीएचडी छात्र का शव बुधवार को कैंपस स्थित उसके हॉस्टल रूम में पाया गया। पुलिस के अनुसार, छात्र के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे, लेकिन बिस्तर के पास फर्श पर उल्टी मिली, जिससे किसी चिकित्सकीय जटिलता की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शव को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत का सटीक कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल आई थी कि चंडीगढ़ निवासी एक छात्र अपने हॉस्टल रूम का दरवाजा नहीं खोल रहा है, जो अंदर से बंद था।”
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर अधिकारियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।
“छात्र को बेड पर बेहोश पाया गया। कैंपस में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया,” अधिकारी ने बताया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि छात्र को आखिरी बार दो दिन पहले डिनर करते हुए देखा गया था। उसकी लंबी अनुपस्थिति के कारण साथी छात्रों ने कैंपस सुरक्षा को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने बताया कि कमरे में कोई गड़बड़ी नहीं थी, न ही जबरन घुसने, संघर्ष या आत्महत्या के कोई संकेत मिले। कमरे में मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए हैं और उनसे संबंधित डेटा की जांच की जाएगी।
फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने और कमरे की विस्तृत जांच के लिए बुलाया गया है।
आईआईटी-दिल्ली ने छात्र की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
संस्थान ने एक बयान में कहा, “आईआईटी दिल्ली अपने दूसरे वर्ष के पीएचडी छात्र की दुखद और असमय मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता है। उनका शव आज हॉस्टल के कमरे में पाया गया। इस दुख की घड़ी में संस्थान शोक संतप्त परिवार के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। दिल्ली पुलिस इस दुखद घटना की जांच कर रही है।”
पीटीआई

