आईएमएफ ने 2026 के लिए वैश्विक आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 3.3% किया

वॉशिंगटन, 19 जनवरी (AP) अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था इस वर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संरक्षणवादी व्यापार नीतियों के बावजूद मजबूती से आगे बढ़ने में सक्षम रहेगी। इसका एक बड़ा कारण उत्तर अमेरिका और एशिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े निवेश में आई तेज़ी है।

सोमवार को जारी रिपोर्ट में 191 देशों की इस ऋणदाता संस्था ने कहा कि वैश्विक आर्थिक वृद्धि 2026 में 3.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह 2025 के समान है, लेकिन अक्टूबर में 2026 के लिए लगाए गए 3.1 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है।

आईएमएफ के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गोरिंशास और उनके सहयोगी टोबियास एड्रियन ने वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के ताज़ा अपडेट के साथ जारी ब्लॉग पोस्ट में लिखा कि अमेरिकी नेतृत्व वाले व्यापार व्यवधानों और बढ़ी हुई अनिश्चितता के बावजूद वैश्विक अर्थव्यवस्था “उल्लेखनीय लचीलापन” दिखा रही है।

अमेरिकी अर्थव्यवस्था, जिसे 2001 के बाद सबसे तेज़ तकनीकी निवेश का लाभ मिल रहा है, के इस वर्ष 2.4 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। यह अक्टूबर में लगाए गए आईएमएफ के अनुमान और 2025 की अपेक्षित 2.1 प्रतिशत वृद्धि दोनों से अधिक है।

दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन के लिए 4.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है, जो अक्टूबर में अनुमानित 4.2 प्रतिशत से अधिक है। इसका एक कारण अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौता है, जिससे चीनी निर्यात पर अमेरिकी शुल्क में कमी आई है।

भारत, जिसने चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल किया है, के बारे में आईएमएफ ने कहा कि 2026 में इसकी वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत रह सकती है। यह पिछले वर्ष की 7.3 प्रतिशत वृद्धि से कम है, जब साल के दूसरे हिस्से में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला था, लेकिन फिर भी इसे स्वस्थ वृद्धि माना गया है। (AP) AMS

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #swadesi, #News, आईएमएफ ने मज़बूत वैश्विक अर्थव्यवस्था के अनुमान को बढ़ाकर 3.3% वृद्धि किया