रांची, 11 जनवरी (पीटीआई):
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को 13 से 16 जनवरी तक झारखंड के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति को लेकर ‘येलो’ अलर्ट जारी किया।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, इन चार दिनों के लिए गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में ‘येलो’ अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं हजारीबाग जिले में 14 से 16 जनवरी के बीच अलर्ट लागू रहेगा।
आईएमडी ने बताया कि रविवार सुबह 8.30 बजे तक झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति देखी गई, क्योंकि राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
बुलेटिन के मुताबिक, गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पलामू (डालटनगंज) में 4.9 डिग्री और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रांची स्थित आईएमडी केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, “झारखंड के क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार बनी हुई हैं, जिसके कारण राज्य के कई जिलों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है।”
उन्होंने कहा, “अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।”
शनिवार को रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 10.2 डिग्री और जमशेदपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, जिन जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, उनमें रांची, पलामू, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला, पाकुड़ और गुमला शामिल हैं।

