आईसीसी टूर्नामेंटों की ‘नवीनता’ कम हो रही है, प्रशासनिक दृष्टिकोण से बदलाव जरूरी: उथप्पा

New Delhi: Former cricketer Robin Uthappa arrives to appear before the Enforcement Directorate (ED) for questioning in a money laundering case linked to an online betting app, at ED office, in New Delhi, Monday, Sept. 22, 2025. (PTI Photo) (PTI09_22_2025_000067B)

डरबन, 8 जनवरी (पीटीआई) भारत के पूर्व बल्लेबाज़ रॉबिन उथप्पा ने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंटों को लेकर जो “नवीनता” (नॉवेल्टी) हुआ करती थी, वह अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है और इनकी आकर्षण शक्ति बनाए रखने के लिए खेल को “प्रशासनिक दृष्टिकोण” से विकसित करने की जरूरत है।

मौजूदा क्रिकेट कैलेंडर में 10 महीनों के भीतर तीन विश्व कप आयोजित किए जा रहे हैं। महिला विश्व कप सितंबर से नवंबर 2025 के बीच खेला गया, जबकि पुरुषों का टी20 विश्व कप 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 के बीच आयोजित होगा। इसके छह महीने बाद महिला टी20 विश्व कप खेला जाना है, जिससे उथप्पा की बातों का महत्व और बढ़ जाता है।

एसए20 के दौरान एक चयनित मीडिया बातचीत में पीटीआई के सवाल का जवाब देते हुए उथप्पा ने कहा, “मुझे लगता है कि खेल को प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ने की जरूरत है। हर साल होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट को लेकर प्रशंसकों और दर्शकों के लिए उसकी क्या अहमियत रह जाती है? ईमानदारी से कहूं तो, पूरे सम्मान के साथ, इसकी नवीनता अब खत्म हो रही है।”

उथप्पा, जो मौजूदा एसए20 लीग में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे हैं, का मानना है कि दो आईसीसी आयोजनों के बीच पर्याप्त अंतर होना चाहिए, ताकि उनकी अहमियत बनी रहे।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आईसीसी चैंपियनशिप्स की नवीनता बनी रहनी चाहिए। यह सिर्फ खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रशंसकों और दर्शकों के लिए भी बेहद अहम है। इसका कोई मायने होना चाहिए। दो टूर्नामेंटों के बीच थोड़ा अंतर होना जरूरी है। हम हर साल आईसीसी चैंपियनशिप नहीं कर सकते और न ही करनी चाहिए। यह एक कड़वी सच्चाई है, जिसे प्रशासकों को स्वीकार करना होगा और खेल को उस दिशा में विकसित करना होगा, जहां वह वास्तव में आगे बढ़ सके।”

हालांकि, उथप्पा को इस बात में कोई संदेह नहीं है कि एसए20, अगले महीने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले खिलाड़ियों के लिए खुद को तैयार करने का बेहतरीन मंच प्रदान करता है।

उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि भारत और श्रीलंका की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन विश्व कप से एक महीने पहले इस तरह का उच्च-स्तरीय क्रिकेट (एसए20) खेलना बेहद फायदेमंद है। अगर आप मुझसे यह सवाल 5-7 साल पहले पूछते, तो शायद मैं इसे ठीक-ठाक तैयारी मानता, लेकिन अब नहीं। उदाहरण के तौर पर, डरबन को दुनिया की सबसे तेज विकेट माना जाता था, जहां उछाल और गति होती थी।

“अब हालात वैसे नहीं हैं, गेंद रुककर आती है। ऐसे में मुझे लगता है कि एसए20 पूरी तरह से विश्व कप की तैयारी में फिट बैठता है। इसलिए मुझे हैरानी नहीं होगी अगर दक्षिण अफ्रीका और इस लीग में खेलने वाले कुछ खिलाड़ी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करें, क्योंकि मौजूदा समय में परिस्थितियां काफी हद तक समान हैं,” उन्होंने विस्तार से बताया।

पीटीआई UNG AM UNG AM AM