आदित्यनाथ ने सीतारमण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

लखनऊ, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

एक्स पर हिंदी में किए गए पोस्ट में आदित्यनाथ ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी परिवार की वरिष्ठ सदस्य, माननीय केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! प्रभु श्री हरि विष्णु आपको स्वस्थ, दीर्घ और गौरवपूर्ण जीवन प्रदान करें, यही मेरी प्रार्थना है।”

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त, 1959 को मदुरै में हुआ था। उनके पिता नारायण सीतारमण रेलवे में कार्यरत थे और मां सावित्री गृहिणी थीं। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतलक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की।

इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए राष्ट्रीय राजधानी आईं और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में मास्टर एवं एमफिल किया।

सीतारमण का राजनीतिक करियर वर्ष 2008 में शुरू हुआ जब उन्होंने भाजपा जॉइन की (वह 1990 के दशक की शुरुआत में भारत लौट आई थीं)। दो साल में ही वह सुषमा स्वराज के बाद पार्टी की दूसरी महिला प्रवक्ता बनीं।

जून 2024 में उन्होंने इतिहास रचा और नरेंद्र मोदी सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाली पहली महिला बनीं।

भाषा नवंन वि.न. वि.न.

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, आदित्यनाथ ने सीतारमण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं