नई दिल्ली, 23 सितंबर (पीटीआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आयुष्मान भारत योजना, जिसकी शुरुआत आज ही के दिन 2018 में हुई थी, ने जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति ला दी है और इससे लाभार्थियों को वित्तीय सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित हुई है।
यह स्वास्थ्य बीमा योजना सालाना पांच लाख रुपये तक का इलाज कवर देती है और गरीबों के साथ-साथ 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को कवर करती है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, “आज हम आयुष्मान भारत के सात साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। यह एक ऐसी पहल थी जिसने भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाकर लोगों के लिए उच्च गुणवत्ता और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया। इसकी वजह से भारत जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति देख रहा है। इसने वित्तीय सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित की है।” उन्होंने आगे कहा, “भारत ने दिखाया है कि किस तरह पैमाना, संवेदना और तकनीक मिलकर मानव सशक्तिकरण को बढ़ावा दे सकते हैं।”
प्रधानमंत्री द्वारा टैग किए गए एक आधिकारिक हैंडल ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक नागरिक कवर हैं और इसे “दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य आश्वासन योजना” बताया। अब तक 42 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस योजना के कारण सरकार का स्वास्थ्य पर व्यय 29 प्रतिशत से बढ़कर 48 प्रतिशत हो गया, जबकि जेब से खर्च (आउट-ऑफ-पॉकेट) 63 प्रतिशत से घटकर 39 प्रतिशत रह गया। इसमें कहा गया, “लाखों परिवार बीमारियों के समय आर्थिक बर्बादी से बचे।”
वक्तव्य में कहा गया कि बीमारी आने पर आर्थिक बर्बादी नहीं होनी चाहिए और इस योजना ने हर साल छह करोड़ से अधिक परिवारों को गरीबी से बचाया है।
पीटीआई केआर केआर डीवी डीवी
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, आयुष्मान भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाई: पीएम मोदी

