
नई दिल्ली, 29 दिसंबर (पीटीआई) बीडब्ल्यूएफ इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट इस बार 13 से 18 जनवरी तक केडी जाधव इंडोर हॉल की बजाय इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह बदलाव टूर्नामेंट के स्तर और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
भारत अगस्त में होने वाली प्रतिष्ठित विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है, ऐसे में 9.50 लाख अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाला यह टूर्नामेंट वैश्विक प्रतियोगिता के लिए टेस्ट वेन्यू के तौर पर भी काम करेगा।
नए स्थल की दर्शक क्षमता 8,000 से अधिक है, जो पिछले आयोजन स्थल से दोगुनी से भी ज्यादा है। इंडिया ओपन के टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से टूर्नामेंट के टिकटिंग पार्टनर टिकमिंट (Ticmint) पर उपलब्ध होंगे। टिकटों की कीमत 400 रुपये से शुरू होगी, जबकि प्रीमियम सीटों की अधिकतम कीमत 1,750 रुपये तय की गई है।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) द्वारा, बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) के तत्वावधान में आयोजित यह सुपर 750 टूर्नामेंट एक बार फिर दुनिया के शीर्ष शटलरों को भारतीय धरती पर लाएगा।
दर्शकों को एन से-यंग, पीवी सिंधु, कुनलावुत वितिदसार्न, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे वैश्विक सितारों के साथ-साथ भारत की उभरती प्रतिभाओं उन्नति हुड्डा और आयुष शेट्टी को छह दिनों तक कड़े मुकाबलों में खेलते देखने का मौका मिलेगा।
बीएआई के महासचिव संजय मिश्रा ने एक विज्ञप्ति में कहा, “इस साल इंडिया ओपन को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में स्थानांतरित करना टूर्नामेंट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बड़ा स्थल हमें कहीं अधिक दर्शकों को समायोजित करने और खिलाड़ियों तथा दर्शकों—दोनों के लिए बेहतर अनुभव प्रदान करने में मदद करेगा।”
उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे भारतीय बैडमिंटन का कद बढ़ रहा है, वैसे-वैसे हमारे प्रमुख टूर्नामेंटों का भी विकसित होना जरूरी है, ताकि खेल, खिलाड़ी और प्रशंसक सभी एक साथ आगे बढ़ सकें।”
गौरतलब है कि पिछले संस्करण के दौरान डेनमार्क की शटलर मिया ब्लिचफेल्ट ने इंडिया ओपन में ‘अस्वीकार्य’ खेल परिस्थितियों की आलोचना की थी, जिसके बाद बीएआई वैकल्पिक स्थलों की तलाश कर रहा था।
पीटीआई ATK UNG
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में इंडिया ओपन, टिकट बिक्री शुरू
