क्विटो (इक्वाडोर), 18 दिसंबर (एपी)
इक्वाडोर की पुलिस ने बुधवार को बताया कि बार्सिलोना डी ग्वायाकिल के 33 वर्षीय डिफेंडर मारियो पिनेडा की एक कथित हमले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना ऐसे समय हुई है जब एंडीज़ क्षेत्र के इस देश में हिंसा तेजी से बढ़ रही है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई, जिसकी पहचान नहीं बताई गई है, जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हुआ है।
इक्वाडोर के गृह मंत्रालय ने बिना अधिक विवरण दिए पिनेडा की मौत की पुष्टि की। बार्सिलोना डी ग्वायाकिल क्लब ने एक बयान में कहा कि पिनेडा के निधन से उसके प्रशंसक बेहद दुखी हैं।
पिनेडा ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 2010 से 2015 के बीच इंडिपेंडिएंटे डेल वाये से की थी। इसके बाद 2016 में उन्होंने तटीय शहर ग्वायाकिल के क्लब बार्सिलोना डी ग्वायाकिल का रुख किया, जहां उन्होंने दो लीग खिताब जीते। डिफेंडर पिनेडा 2022 में ब्राज़ील के फ्लुमिनेंस क्लब के लिए भी थोड़े समय तक खेले थे।
इक्वाडोर के मीडिया के अनुसार, यह घटना ग्वायाकिल के उत्तरी इलाके सामानेस क्षेत्र में हुई, जो राजधानी क्विटो से लगभग 265 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
इक्वाडोरियन ऑब्ज़र्वेटरी ऑफ ऑर्गनाइज़्ड क्राइम के मुताबिक, इस साल इक्वाडोर में अब तक 9,000 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं और यह देश के इतिहास का सबसे हिंसक वर्ष साबित हो सकता है। पिछले साल हिंसक मौतों की संख्या 7,063 थी, जबकि 2023 में यह आंकड़ा रिकॉर्ड 8,248 तक पहुंच गया था।
राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल से जुड़े आपराधिक संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकल्प लिया है, जिनका इक्वाडोर में प्रभाव बढ़ता जा रहा है।
नवंबर में इंडिपेंडिएंटे डेल वाये का 16 वर्षीय एक युवा फुटबॉलर भी ग्वायाकिल में एक भटकी हुई गोली का शिकार होकर मारा गया था। इससे दो महीने पहले एक्साप्रोमो कोस्टा क्लब के खिलाड़ी माइकोल वालेंसिया और लियान्द्रो येपेज़ तथा 22 दे जुनियो क्लब के जोनाथन गोंजालेज़ की भी गोली लगने से मौत हो गई थी।

