
बेंगलुरु, 15 दिसंबर (पीटीआई): संगीत सम्राट इलैयाराजा अगले महीने यहां अपने संगीत सफर के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कॉन्सर्ट करेंगे। यह कार्यक्रम अक्षय पात्र फाउंडेशन की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
‘इलैयाराजा 50: ए लीजेंडरी म्यूजिकल जर्नी’ शीर्षक वाला यह कार्यक्रम 10 जनवरी, 2026 को मडावरा स्थित नाइस ग्राउंड्स में आयोजित होगा।
यह कार्यक्रम अक्षय पात्र फाउंडेशन की ‘म्यूजिक फॉर मील्स’ पहल का समर्थन करेगा, जो संगीत-आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता फैलाने और स्कूली बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए सहयोग जुटाने का कार्य करती है।
अपनी रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहे अक्षय पात्र फाउंडेशन ने बताया कि वह वर्तमान में 23,978 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में हर स्कूल दिवस लगभग 23.3 लाख बच्चों को पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध करा रहा है।
यह फाउंडेशन केंद्र सरकार की पीएम पोषण योजना का एक प्रमुख कार्यान्वयन साझेदार है।
सोमवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इलैयाराजा ने कहा कि जैसे ही फाउंडेशन ने उनसे संपर्क किया, उन्होंने प्रस्तुति देने के लिए सहमति दे दी।
उन्होंने कहा, “जैसे ही उन्होंने इसका जिक्र किया, मैंने तुरंत कॉन्सर्ट करने के लिए हामी भर दी। यह एक स्वाभाविक फैसला था। जब बात अच्छे उद्देश्य की हो, तो मुझे यह करना ही होता है।”
इलैयाराजा, जिन्हें भारत के सबसे प्रभावशाली संगीतकारों में से एक माना जाता है, ने संगीत उद्योग में पांच दशक पूरे कर लिए हैं और उनका काम कई भाषाओं और शैलियों में फैला हुआ है।
आयोजकों ने कहा कि यह सहयोग सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सामाजिक सेवा को एक साथ लाता है, जो राष्ट्रीय कल्याण पहलों के समर्थन में कला की भूमिका को रेखांकित करता है।
पीटीआई AMP SSK
