एनसीसी कैडेट्स भारत के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य के बीच जीवंत सेतु हैं: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

Ranchi: Jharkhand Governor Santosh Gangwar, second left, with Minister of State for Defence Sanjay Seth, second right, during the inauguration of the Defence Ministry office, in Ranchi, Saturday, Jan. 17, 2026. (PTI Photo)(PTI01_17_2026_000309B)

नई दिल्ली, 18 जनवरी (पीटीआई) रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को युवाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आने वाली चुनौतियों का सामना करते हुए कर्तव्यनिष्ठ बने रहें, देशभक्ति की भावना के साथ कार्य करें और संवैधानिक मूल्यों का पालन करें।

वह दिल्ली छावनी में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के गणतंत्र दिवस शिविर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

एनसीसी कैडेट्स की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने उन्हें भारत के गौरवशाली अतीत और आशाजनक भविष्य के बीच “जीवंत सेतु” बताया और इस शिविर को भारत के युवाओं में अनुशासन, प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बताया।

उन्होंने कैडेट्स को “स्वदेशी सोच के साथ आत्मनिर्भर बनने” के लिए प्रेरित किया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्टार्ट-अप इंडिया जैसी पहलों के चलते बीते एक दशक में देश में स्टार्टअप्स की संख्या करीब 800 से बढ़कर दो लाख से अधिक हो गई है।

रक्षा राज्य मंत्री ने युवाओं से कहा कि वे कर्तव्य के प्रति सजग रहें, देशभक्ति की भावना के साथ कार्य करें और भविष्य की चुनौतियों का सामना करते हुए संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखें। साथ ही 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्प और परिश्रम की भावना को आगे बढ़ाएं।

मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, कार्यक्रम में पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने संजय सेठ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद ग्वालियर स्थित द सिंधिया स्कूल के कैडेट्स ने आकर्षक बैंड प्रस्तुति दी।

अधिकारियों और कैडेट्स को संबोधित करते हुए सेठ ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि संविधान और देश के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है।

उन्होंने रांची से दिल्ली तक 1,300 किलोमीटर की दूरी तय कर राष्ट्रीय एकता और जनजातीय नायक वीर बिरसा मुंडा के मूल्यों का संदेश फैलाने वाली साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले 15 कैडेट्स की सराहना की। साथ ही वर्ष 2025 में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले 10 कैडेट्स की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर संजय सेठ ने 17 एनसीसी निदेशालयों के कैडेट्स द्वारा विभिन्न सामाजिक जागरूकता विषयों पर तैयार किए गए ‘एनसीसी फ्लैग एरिया’ का अवलोकन किया और ‘हॉल ऑफ फेम’ का भी दौरा किया, जहां एनसीसी के इतिहास, प्रशिक्षण गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

पीटीआई KND AMJ AMJ