एस्टन विला के खिलाफ चोट के बाद मैन यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस कुछ मैचों से बाहर रह सकते हैं

Manchester United's Bruno Fernandes shoots a penalty kick to score during the English Premier League soccer match between Manchester United and Burnley at Old Trafford stadium in Manchester, England, Saturday, Aug. 30, 2025. AP/PTI(AP08_30_2025_000415B)

बर्मिंघम (इंग्लैंड), 22 दिसंबर (एपी): मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस रविवार को एस्टन विला के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए, जिसके चलते वे “कुछ समय” तक मैदान से बाहर रह सकते हैं।

यूनाइटेड के कोच रूबेन अमोरिम ने बताया कि विला पार्क में खेले गए प्रीमियर लीग मुकाबले के पहले हाफ में फर्नांडिस को सॉफ्ट टिश्यू की चोट लगी। इस मैच में एस्टन विला ने 2-1 से जीत दर्ज की।

अमोरिम ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, “मुझे लगता है यह सॉफ्ट टिश्यू की चोट है, इसलिए इसमें कुछ समय लगेगा। देखते हैं।”

फर्नांडिस को दौड़ते समय हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ। उन्होंने हाफटाइम तक खेल जारी रखा, लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में उनकी जगह लिसांद्रो मार्टिनेज को मैदान में उतारा गया।

इसके बाद फर्नांडिस को दूसरे हाफ के लिए बेंच की ओर जाते समय साइडलाइन पर असहज तरीके से चलते हुए देखा गया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमोरिम ने कहा, “मुझे लगता है वह कुछ मैच मिस करेंगे, लेकिन पक्के तौर पर नहीं कह सकता।”

उन्होंने कहा, “मैं इस विषय पर ज्यादा बात नहीं करना चाहता। वह ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा फिट रहता है और उसने दिखाया है कि वह हमेशा रिकवर कर सकता है।”

मैनचेस्टर यूनाइटेड पहले से ही ब्रायन म्बेमो, अमाद डियालो और नुसैर माजराउई के बिना खेल रहा है, जो अफ्रीका कप ऑफ नेशंस में हिस्सा ले रहे हैं। रविवार को अमोरिम की मुश्किलें और बढ़ गईं, जब मिडफील्डर कोबी मैनू को ट्रेनिंग के दौरान लगी पिंडली की चोट के कारण बाहर कर दिया गया।

अमोरिम ने कहा, “इस साल, खासकर इस समय, हमारे सामने बहुत सारी समस्याएं हैं, लेकिन हमें उनसे निपटना होगा।”

फर्नांडिस के विकल्प के तौर पर मैनू सबसे उपयुक्त माने जा रहे थे।

फर्नांडिस की चोट से पहले ही अमोरिम ने कहा था कि मैनू का बाहर होना गलत समय पर हुआ है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है वह कुछ हफ्तों में ठीक हो जाएगा, लेकिन मैं निश्चित नहीं हूं। फिलहाल हमें उन खिलाड़ियों पर ध्यान देना होगा जो हमारे पास हैं और खेलने के लिए तैयार हैं।”