ऑस्ट्रेलियन ओपन: युकी को मिक्स्ड डबल्स के पहले दौर में हार

मेलबर्न, 22 जनवरी (पीटीआई) — भारत के युकी भांबरी और उनकी अमेरिकी जोड़ीदार निकोल मेलिचार-मार्टिनेज ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में पहले ही दौर में बाहर हो गए। उन्हें गुरुवार को जर्मनी-चीन की जोड़ी टिम पुट्ज़ और झांग शुआई से हार का सामना करना पड़ा।

भांबरी और मेलिचार-मार्टिनेज छठी वरीयता प्राप्त पुट्ज़ और शुआई की जोड़ी से 6-3, 1-6, (10-6) से पराजित हुए।

हालांकि, साल के पहले ग्रैंड स्लैम में भांबरी का अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है, क्योंकि वह पुरुष डबल्स स्पर्धा में अब भी बने हुए हैं।

बुधवार को युकी और उनके स्वीडिश जोड़ीदार आंद्रे गोरांसन ने पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में प्रवेश किया था। उन्होंने स्थानीय वाइल्ड कार्ड जोड़ी जेम्स डकवर्थ और क्रूज़ ह्यूइट को 6-3, 6-4 से हराया।

33 वर्षीय भांबरी का ऑस्ट्रेलियन ओपन में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2014 में रहा था, जब उन्होंने न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ मिलकर तीसरे दौर तक का सफर तय किया था। ग्रैंड स्लैम में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पिछले साल यूएस ओपन में रहा, जहां यह जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

इस बीच, भारत के निकी पूनाचा और उनके थाई जोड़ीदार प्रुच्य इसारो पुरुष डबल्स स्पर्धा से बाहर हो गए, जिन्हें पेद्रो मार्टिनेज और जाउमे मुनार से सीधे सेटों में हार झेलनी पड़ी।

पीटीआई एएच पीएम एएच पीएम पीएम