जकार्ता, 2 फरवरी (एपी)
इंडोनेशिया ने एलन मस्क के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट ग्रोक को सशर्त रूप से और कड़ी निगरानी में देश में फिर से संचालन की अनुमति दे दी है। कुछ हफ्ते पहले इसे यौन रूप से स्पष्ट सामग्री के कारण प्रतिबंधित कर दिया गया था।
संचार मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स कॉर्प (X Corp) ने सेवाओं में सुधार और लागू कानूनों के अनुपालन को लेकर लिखित प्रतिबद्धता दी है।
बयान के अनुसार, कंपनी ने मंत्रालय को बताया कि उसने ग्रोक सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए कदम उठाए हैं, जिनमें कुछ विशेषताओं तक पहुंच को सीमित करना भी शामिल है।
इंडोनेशिया और मलेशिया ऐसे पहले दो देश थे जिन्होंने जनवरी में ग्रोक तक पहुंच को इस आशंका के चलते अवरुद्ध किया था कि इसका इस्तेमाल यौन रूप से आपत्तिजनक और बिना सहमति वाली तस्वीरें बनाने के लिए किया जा रहा है।
मलेशियाई अधिकारियों ने कंपनी द्वारा सुरक्षा और निवारक उपाय किए जाने के बाद अस्थायी प्रतिबंध हटा लिया था। मलेशिया के नियामकों ने कहा कि उन्होंने पिछले सप्ताह एक्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और स्थिति पर आगे भी नजर रखी जाएगी।
डिजिटल स्पेस पर्यवेक्षण के लिए मंत्रालय के महानिदेशक अलेक्जेंडर साबर ने कहा कि इंडोनेशिया में ग्रोक के संचालन का सामान्यीकरण बिना शर्त नहीं है। उन्होंने जोड़ा कि एक्स द्वारा उठाए गए कदमों की इंडोनेशियाई अधिकारी जांच और परीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे अवैध सामग्री के प्रसार और बाल संरक्षण सिद्धांतों के उल्लंघन सहित किसी भी तरह के उल्लंघन को रोकते हैं।
साबर ने कहा,
“यदि इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की असंगति या आगे कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो संचार और डिजिटल मामलों का मंत्रालय सुधारात्मक कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगा, जिसमें सेवाओं की पहुंच को फिर से निलंबित करना भी शामिल है।”
(एपी)

