नई दिल्ली, 5 सितम्बर (भाषा) भाजपा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बिहार के लोगों की तुलना ‘बीड़ी’ से करने का आरोप लगाते हुए इसे “सभी बिहारियों का अपमान” करार दिया और विपक्ष को इसके राजनीतिक परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा।
पार्टी ने कहा कि एनडीए इसे राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में एक “बहुत बड़ा मुद्दा” बनाएगा।
यह विवाद कांग्रेस की केरल इकाई के एक्स पर किए गए एक अब डिलीट पोस्ट के बाद शुरू हुआ, जिसमें लिखा था, “बीड़ी और बिहार बी से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।”
इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने केरल कांग्रेस की पोस्ट को “शर्मनाक” बताया और कहा कि बिहार के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में इस अपमान का जवाब देंगे।
उन्होंने कहा, “(कांग्रेस ने) हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान किया और अब तक माफी नहीं मांगी। और अब इसने बिहार की गरिमा और बिहारियों का अपमान किया है।”
प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा, “राहुल गांधी, आप क्या कर रहे हैं? आपको बिहार के इतिहास की परवाह नहीं है। क्या आप बिहार की तुलना बीड़ी से करेंगे?”
उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनमें कांग्रेस की केरल इकाई द्वारा बिहारियों के अपमान की निंदा करने का “साहस” नहीं है।
प्रसाद ने कहा, “कांग्रेस और तेजस्वी यादव, हम आपको चेतावनी देते हैं कि हम इसे बिहार चुनाव में बहुत बड़ा मुद्दा बनाएंगे और आपको बेनकाब करेंगे। देश और बिहार की जनता देख रही है। हम इसका करारा जवाब देंगे… बिहार की जनता आपको जवाब देगी।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने एक बार फिर बिहार के लोगों का अपमान कर अपनी नकारात्मक और छोटी मानसिकता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने बार-बार कांग्रेस को नकारा है और यह पार्टी हताशा में बिखर रही है, गांधी परिवार अब लोकप्रिय नहीं रहा।
गोयल ने कहा कि कांग्रेस कभी अदालतों पर हमला करती है तो कभी चुनाव आयोग पर और इसके नेता बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां देते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस और राजद को करारा जवाब देगी।
केरल कांग्रेस की पोस्ट से राजनीतिक विवाद गहराने के बीच तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से कहा कि अगर बिहार को लेकर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है तो माफी मांगी जानी चाहिए।
विवादास्पद पोस्ट को डिलीट करते हुए केरल कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, “हम देखते हैं कि जीएसटी दरों को लेकर मोदी के चुनावी खेल पर हमारी टिप्पणी को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है। अगर आपको ठेस पहुंची हो तो हमें खेद है।”
प्रसाद ने कांग्रेस और राजद नेतृत्व पर इस मुद्दे पर “शर्मनाक चुप्पी” साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस, राहुल गांधी और सोनिया गांधी को समझना चाहिए कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उन्होंने जो नाटक किया, वह उजागर हो गया है। सच्चाई सामने है कि आप कुछ वोटों के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं और किसी को भी गाली दे सकते हैं। अब आप सभी बिहारियों की तुलना बीड़ी से कर रहे हैं और उनका अपमान कर रहे हैं।”
श्रेणी : ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स : #swadesi, #News, कांग्रेस ने बिहार के लोगों की तुलना ‘बीड़ी’ से की, यह सभी ‘बिहारी’ लोगों का अपमान है, एनडीए इसे चुनावी मुद्दा बनाएगा : भाजपा

