
तिरुवनंतपुरम, 30 नवंबर (पीटीआई) केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने चक्रवात डिटवा के कारण कोलंबो हवाई अड्डे पर फंसे भारतीयों के लिए राज्य की ओर से सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने की पेशकश करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा।
विजयन ने शनिवार को अपने पत्र में कहा कि इस चक्रवात के कारण कोलंबो के बांदरणायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी व्यवधान उत्पन्न हुए हैं, जिसके चलते लगभग 300 भारतीय यात्री, जिनमें से कई केरल से हैं, फंस गए हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय यात्री पिछले तीन दिनों से बिना पर्याप्त भोजन, पानी और बुनियादी सुविधाओं के वहां फंसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई यात्री कोलंबो का इस्तेमाल घर लौटने या विदेश जाने के लिए ट्रांजिट पॉइंट के रूप में कर रहे थे और वर्तमान में संकट में हैं।
विजयन ने पत्र में कहा, “हम फंसे हुए लोगों की स्थिति को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं। केरल सरकार सभी आवश्यक सहायता देने के लिए तैयार है और आपके शीघ्र उत्तर और कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है।” PTI HMP KH
