कैसे कोकीन और भ्रष्टाचार ने मादुरो पर अभियोग तय होने का रास्ता बनाया

Venezuelan President Nicolas Maduro addresses civilians taking an oath to join a state-organized defense network in the Petare neighborhood of Caracas, Venezuela, Saturday, Nov. 15, 2025. AP/PTI(AP11_16_2025_000003B)

न्यूयॉर्क, 4 जनवरी (एपी): हाल ही में सार्वजनिक किए गए अमेरिकी न्याय विभाग के एक अभियोग में पकड़े गए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर “भ्रष्ट और अवैध सरकार” चलाने का आरोप लगाया गया है, जो एक व्यापक मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से संचालित थी और जिसके जरिए हजारों टन कोकीन अमेरिका में पहुंचाई गई।

शनिवार तड़के वेनेजुएला में हुए एक चौंकाने वाले सैन्य अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी ने अमेरिकी अभियोजकों के लिए एक बड़ी कानूनी परीक्षा की जमीन तैयार कर दी है, क्योंकि वे अब तेल-समृद्ध दक्षिण अमेरिकी देश के लंबे समय से सत्ता में रहे नेता के खिलाफ मैनहैटन की एक अदालत में सजा सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी “जल्द ही अमेरिकी धरती पर, अमेरिकी अदालतों में, अमेरिकी न्याय की पूरी कठोरता का सामना करेंगे।” यहां मादुरो पर लगे आरोपों और उनके सामने मौजूद अभियोगों पर एक नजर है।

मादुरो पर ड्रग्स और हथियारों से जुड़े आरोप

मादुरो पर उनकी पत्नी, उनके बेटे और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर आरोप तय किए गए हैं। मादुरो पर चार आरोप हैं:

— नार्को-आतंकवाद की साजिश,

— कोकीन आयात की साजिश,

— मशीनगनों और विनाशकारी उपकरणों के कब्जे का आरोप, और

— मशीनगनों व विनाशकारी उपकरणों के कब्जे की साजिश।

मादुरो पर वही आरोप हैं जो 2020 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान मैनहैटन की संघीय अदालत में लगाए गए थे। शनिवार को सार्वजनिक किया गया नया अभियोग, जिसमें मादुरो की पत्नी के खिलाफ भी आरोप जोड़े गए हैं, क्रिसमस से ठीक पहले न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में सील के तहत दाखिल किया गया था।

यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस मैनहैटन की अदालत में पहली बार कब पेश होंगे। शनिवार रात सोशल मीडिया पर व्हाइट हाउस के एक अकाउंट द्वारा साझा किए गए वीडियो में मादुरो को मुस्कुराते हुए न्यूयॉर्क में अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) के एक कार्यालय से गुजरते हुए दिखाया गया, जहां दो संघीय एजेंट उनके हाथ थामे हुए थे। मुकदमे की प्रतीक्षा के दौरान उन्हें ब्रुकलिन की एक संघीय जेल में हिरासत में रखा जाना था।

‘मादुरो ने कोकीन से पोषित भ्रष्टाचार को फलने-फूलने दिया’: अमेरिका

अभियोग में आरोप लगाया गया है कि मादुरो ने “दुनिया के कुछ सबसे हिंसक और कुख्यात ड्रग तस्करों और नार्को-आतंकवादियों” के साथ साझेदारी की, ताकि हजारों टन कोकीन को अमेरिका भेजा जा सके।

अधिकारियों का आरोप है कि सिनालोआ कार्टेल और ट्रेन डे अरागुआ गिरोह जैसे शक्तिशाली और हिंसक ड्रग तस्करी संगठन सीधे वेनेजुएला सरकार के साथ काम करते थे और बदले में उन्हें संरक्षण देने वाले शीर्ष अधिकारियों को मुनाफा भेजते थे।

अभियोग के अनुसार, मादुरो ने “अपने निजी लाभ, अपने शासक तंत्र के सदस्यों और अपने परिवार के सदस्यों के लाभ के लिए कोकीन से पोषित भ्रष्टाचार को फलने-फूलने दिया।”

अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि मादुरो और उनके परिवार ने क्षेत्र भर में ड्रग्स की आवाजाही के लिए कार्टेल को “कानून प्रवर्तन का संरक्षण और लॉजिस्टिक समर्थन” दिया, जिसके परिणामस्वरूप 2020 तक हर साल लगभग 250 टन कोकीन वेनेजुएला के जरिए तस्करी की जाती थी। अभियोग के अनुसार, ड्रग्स को तेज रफ्तार नौकाओं, मछली पकड़ने वाली नौकाओं और कंटेनर जहाजों के जरिये या गुप्त हवाई पट्टियों से विमानों के माध्यम से ले जाया जाता था।

अभियोग में कहा गया है, “मादक पदार्थों पर आधारित भ्रष्टाचार का यह चक्र वेनेजुएला के अधिकारियों और उनके परिवारों की जेबें भरता है, साथ ही उन हिंसक नार्को-आतंकवादियों को भी लाभ पहुंचाता है जो वेनेजुएला की धरती पर दंडमुक्त होकर काम करते हैं और अमेरिका तक कोकीन के टनों उत्पादन, संरक्षण और परिवहन में मदद करते हैं।”

रिश्वत, अपहरण और हत्याओं के आदेश के आरोप

अमेरिका ने मादुरो और उनकी पत्नी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने “उन लोगों के खिलाफ अपहरण, पिटाई और हत्याओं के आदेश दिए जो उन्हें ड्रग के पैसे देते थे या किसी तरह उनके ड्रग तस्करी ऑपरेशन को कमजोर करते थे।” अभियोग के अनुसार, इसमें कराकास में एक स्थानीय ड्रग सरगना की हत्या भी शामिल है।

मादुरो की पत्नी पर 2007 में सैकड़ों हजार डॉलर की रिश्वत लेने का भी आरोप है, ताकि “एक बड़े पैमाने के ड्रग तस्कर” और वेनेजुएला के राष्ट्रीय मादक पदार्थ निरोधक कार्यालय के निदेशक के बीच बैठक कराई जा सके। एक भ्रष्ट सौदे के तहत, उस ड्रग तस्कर ने निदेशक को मासिक रिश्वत देने और प्रत्येक कोकीन ले जाने वाली उड़ान के लिए लगभग 1,00,000 डॉलर चुकाने पर सहमति दी, ताकि “उड़ान की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।” अभियोग के अनुसार, उस धन का एक हिस्सा मादुरो की पत्नी को भी मिला।

2015 में अमेरिकी सरकार के गोपनीय सूत्रों के साथ रिकॉर्ड की गई बैठकों के दौरान मादुरो की पत्नी के भतीजों को यह कहते हुए सुना गया कि वे मादुरो के “राष्ट्रपति हैंगर” (वेनेजुएला के एक हवाई अड्डे पर) से “सैकड़ों किलोग्राम कोकीन की खेप” भेजने पर सहमत हैं। अभियोग के अनुसार, उन बैठकों में भतीजों ने कहा कि “वे अमेरिका के साथ युद्ध में हैं।” 2017 में उन्हें अमेरिका में टनों कोकीन भेजने की साजिश के लिए 18-18 साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन 2022 में सात अमेरिकी नागरिकों के बदले कैदी अदला-बदली के तहत उन्हें रिहा कर दिया गया।

‘मादुरो को पकड़ने का अभियान कानून प्रवर्तन की कार्रवाई था’: रूबियो

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैन केन ने मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ने वाले सैन्य अभियान को न्याय विभाग की ओर से की गई कार्रवाई बताया। केन ने कहा कि यह अभियान “न्याय विभाग के अनुरोध पर” किया गया।

रूबियो ने कांग्रेस को सूचना दिए जाने के सवाल पर कहा कि इस दंपती को पकड़ने के लिए किया गया अमेरिकी अभियान “मूल रूप से एक कानून प्रवर्तन कार्रवाई” थी और यह ऐसा मामला था जिसमें “युद्ध विभाग ने न्याय विभाग का समर्थन किया।” उन्होंने मादुरो को “अमेरिकी न्याय से फरार व्यक्ति” बताया, जिसके सिर पर 5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित है।

(एपी) आरडी आरडी

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार