गंगटोक, 29 मई (पीटीआई): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को सिक्किम राज्य के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए प्रस्तावित गंगटोक दौरा खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया है। हालांकि, वे इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री को सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक सिक्का, स्मृति चिन्ह और डाक टिकट जारी करना था।
इसके अलावा, नामची में 500 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल (750 करोड़ रुपये से अधिक लागत), ग्यालशिंग जिले के पेलिंग में सांगाचोलिंग में पैसेंजर रोपवे और गंगटोक के अटल अमृत उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करना था।

