नई दिल्ली, 11 जनवरी (पीटीआई):
गणतंत्र दिवस समारोहों से पहले दिल्ली पुलिस ने रविवार को अपने आइज़ एंड ईयर्स स्कीम के तहत शहरव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के पुलिस थानों के अंतर्गत नागरिकों के साथ-साथ मेट्रो और आईजीआईए (दिल्ली हवाई अड्डा) इकाइयों से जुड़े लोग शामिल हुए।
राष्ट्रीय कार्यक्रम से पहले सामुदायिक सतर्कता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए), होटल मालिक, कार डीलर, विक्रेता, सुरक्षा गार्ड, कुली तथा अन्य सामुदायिक प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
पुलिस ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षा बनाए रखने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे पुलिस की ‘आंख और कान’ बनकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत साझा कर सकें।
जनसंपर्क के तहत संयुक्त संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान आरडब्ल्यूए को सीसीटीवी कैमरे लगाने, किरायेदारों का सत्यापन कराने और फेरीवालों की आवाजाही पर नजर रखने की सलाह दी गई। वहीं एमडब्ल्यूए से सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, फुटेज सुरक्षित रखने और नियमित रूप से पुलिस के साथ सूचनाएं साझा करने को कहा गया।
होटल मालिकों को चेक-इन के समय मेहमानों का सख्ती से सत्यापन करने और विस्तृत रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया, “सिम कार्ड विक्रेताओं को दूरसंचार विभाग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया, जबकि सेकेंड हैंड कार डीलरों से खरीदारों का उचित सत्यापन करने और वाहन स्वामित्व का समय पर हस्तांतरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। पार्किंग अटेंडेंट्स और रसायन विक्रेताओं को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।”

