
नई दिल्ली, 18 जनवरी (पीटीआई) मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को तड़के राजधानी के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 440 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। सुबह के समय एक्यूआई 444 रिकॉर्ड किया गया था।
कम वेंटिलेशन इंडेक्स (6000 यूनिट) और औसतन 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण प्रदूषकों के फैलाव के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं। इसी वजह से सोमवार से 21 जनवरी तक शहर का एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के आकलन के अनुसार, कुल प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन का योगदान लगभग 12.47 प्रतिशत रहा, जबकि बाहरी इलाकों से औद्योगिक उत्सर्जन 7.8 प्रतिशत था। बायोमास से 1.2 प्रतिशत, निर्माण गतिविधियों से 1.5 प्रतिशत और आवासीय उत्सर्जन से 3.3 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।
एक्यूआई का स्तर 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा।
सुबह के समय अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिसको देखते हुए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया था।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस, पालम में 22 डिग्री, लोधी रोड में 23.1 डिग्री, रिज में 21.7 डिग्री और आया नगर में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 5.3 डिग्री, पालम में 8 डिग्री, लोधी रोड में 6.8 डिग्री, रिज में 7.2 डिग्री और आया नगर में 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 73 प्रतिशत रही, जबकि सुबह 8.30 बजे यह 100 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह शहर के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
