नई दिल्ली, 7 अगस्त (पीटीआई) भारत ने गुरुवार को घाना सरकार और वहां की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की, जहां एक दिन पहले घाना के सैन्य हेलीकॉप्टर के दुखद दुर्घटनाग्रस्त होने में पश्चिम अफ्रीकी देश के दो मंत्रियों समेत कई लोगों की मौत हो गई।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमारे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।” रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में घाना के रक्षा और पर्यावरण मंत्री समेत अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत हो गई।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “भारत सरकार घाना के अशांति क्षेत्र में 6 अगस्त 2025 को घाना वायुसेना के हेलीकॉप्टर के दुखद दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा शोक व्यक्त करती है, जिसमें माननीय रक्षा मंत्री डॉ. एडवर्ड कोफी ओमाने बोआमह और माननीय पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अल्हाजी डॉ. इब्राहिम मुरतला मुहम्मद सहित कई लोगों की जान चली गई।”
बयान में कहा गया, “हम इस राष्ट्रीय शोक की घड़ी में घाना गणराज्य की सरकार और जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।”

