
बिलासपुर, 5 जनवरी (भाषा)। छत्तीसगढ़ में एक बाघ अभयारण्य के अंदर एयरगन से गोलीबारी करने और आग लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वीडियो में चार लोगों को एक वाहन में आते हुए और मुंगेली जिले में अचनकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) के “सुरही कोर ज़ोन” चिह्नित गेट से प्रवेश करते हुए दिखाया गया है।
उन्हें जंगल के अंदर गोली चलाते हुए, अदृश्य लक्ष्यों को निशाना बनाते हुए, हवा में गोली चलाते हुए और मनोरंजन के लिए आग जलाते हुए देखा जा सकता है।
एटीआर के उप निदेशक यू आर गणेश ने बताया कि वन अधिकारियों ने पुलिस की मदद से शनिवार को लोरमी इलाके के रहने वाले अजीत वैष्णव (26), अनिकेत (27) और विक्रांत वैष्णव (36) को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से दो एयर राइफल और एक एसयूवी बरामद की गई है।
अधिकारी ने कहा कि वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उन्हें मुंगेली की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उप निदेशक ने कहा कि बैरियर गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और रेंज अधिकारी को नोटिस जारी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सहायक निदेशक (कोर) की अध्यक्षता में मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पीटीआई सीओआर टीकेपी एआरयू
वर्गः ब्रेकिंग न्यूज एसईओ Tag: #swadesi, #News, छत्तीसगढ़ टाइगर रिजर्व में गोलीबारी का वीडियो हुआ वायरल, 3 गिरफ्तार
