जापान के सम्राट और उनके परिवार ने नववर्ष पर शुभकामनाएं देने आए लोगों का अभिवादन किया

Japan's Emperor Naruhito speaks during a press conference in advance of his visit to Mongolia, at the Imperial Palace in Tokyo Wednesday, July 2, 2025. AP/PTI(AP07_02_2025_000113B)

टोक्यो, 2 जनवरी (एपी): जापान के सम्राट नरुहितो और उनके परिवार ने शुक्रवार को टोक्यो स्थित इम्पीरियल पैलेस में एकत्रित नववर्ष की शुभकामनाएं देने आए झंडे लहराते लोगों का अभिवादन किया।

सम्राट नरुहितो अपनी पत्नी मसाको और शाही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महल की बालकनी पर खड़े होकर नीचे कतारों में खड़े लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कुछ लोग “बंज़ाई” — जिसका जापानी में अर्थ “दीर्घायु हो” — के नारे भी लगा रहे थे। सम्राट और उनके परिवार की यह वार्षिक नववर्षीय उपस्थिति आम तौर पर लोगों के लिए बंद रहने वाले मध्य टोक्यो स्थित महल परिसर में भारी भीड़ खींचती है।

लोग ठंड का सामना करते हुए दिन भर में होने वाली पांच झलकियों में से प्रत्येक के लिए लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, क्योंकि शाही परिवार अब भी अपेक्षाकृत लोकप्रिय है।

सम्राट के पास राजनीतिक शक्ति नहीं है, लेकिन वे जापान के लिए प्रतीकात्मक महत्व रखते हैं। वे और उनका परिवार लंबे समय से शांति के समर्थक रहे हैं, हालांकि द्वितीय विश्व युद्ध सम्राट नरुहितो के दादा हिरोहितो के नाम पर लड़ा गया था।

पूर्व में जारी एक बयान में नरुहितो ने कहा कि पिछले वर्ष युद्ध की समाप्ति के 80 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्षों के मद्देनज़र शांति के संदेश के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने बयान में कहा, “मैं गहराई से महसूस करता हूं कि संवाद के माध्यम से लोगों के बीच प्रयास जारी रखना, आपसी समझ को गहरा करना और शांति की दुनिया का निर्माण करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

बयान और शुक्रवार की टिप्पणियों में उन्होंने हाल की प्राकृतिक आपदाओं—जैसे भूकंप, भारी वर्षा और बर्फबारी, तथा जंगलों में लगी आग—का भी उल्लेख किया।

2024 में, मध्य जापान के तटीय क्षेत्र नोटो प्रायद्वीप में नए साल के दिन आए भूकंप, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी, के कारण यह वार्षिक उपस्थिति रद्द कर दी गई थी। 2021 और 2022 में यह कार्यक्रम कोरोना महामारी के कारण रद्द हुआ था।

सम्राट दंपति की इकलौती संतान प्रिंसेस आइको भी इस वर्ष माता-पिता के साथ उपस्थित रहीं, साथ ही अन्य रिश्तेदार भी शामिल हुए। वह केवल पुरुषों को क्राइसेंथेमम सिंहासन का उत्तराधिकारी बनाने के नियमों को लेकर चल रही राष्ट्रीय बहस के केंद्र में हैं।

सम्राट के भतीजे हिसाहितो की उपस्थिति ने भी ध्यान खींचा, क्योंकि वे अब वयस्क शाही कार्यक्रमों में भाग लेने लगे हैं और सिंहासन के संभावित उत्तराधिकारी माने जाते हैं। वे अपने पिता, जो सम्राट के भाई हैं, के बाद उत्तराधिकार की पंक्ति में दूसरे स्थान पर हैं।

सम्राट नरुहितो के पिता और पूर्व सम्राट अकिहितो, जिन्होंने 2019 में गद्दी छोड़ी थी, भी अपनी पत्नी मिचिको के साथ कार्यक्रम में मौजूद थे।

— (एपी) आरडी आरडी