लंदन, 1 फरवरी (पीटीआई) दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के अपराधों की जांच कर रही एक अमेरिकी समिति के समक्ष गवाही देने को लेकर इस सप्ताहांत ब्रिटेन के विवादों में घिरे पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबैटन-विंडसर पर दबाव बढ़ गया है। एंड्रयू का शाही दर्जा उनके भाई किंग चार्ल्स तृतीय ने पहले ही वापस ले लिया है।
एक दूसरी महिला ने आरोप लगाया है कि 2010 में एपस्टीन उसे ब्रिटेन लेकर आया था, जहां विंडसर कैसल परिसर स्थित रॉयल लॉज निवास पर तत्कालीन प्रिंस एंड्रयू के साथ उसका यौन संबंध बना। एंड्रयू इन आरोपों से लगातार इनकार करते रहे हैं और ताजा आरोपों पर अभी तक उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से रविवार को जापान दौरा समाप्त करते समय पूर्व शाही सदस्य से जुड़े इन नए आरोपों पर सवाल किया गया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैंने हमेशा इस सवाल को एपस्टीन के पीड़ितों को ध्यान में रखकर देखा है। एपस्टीन के पीड़ितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। जहां तक माफी का सवाल है, वह एंड्रयू का विषय है। लेकिन गवाही देने के संदर्भ में, मैं हमेशा कहता रहा हूं कि जिसके पास भी जानकारी है, उसे उसे साझा करने के लिए तैयार रहना चाहिए, जिस भी रूप में उनसे कहा जाए। यदि आप ऐसा नहीं करते, तो आप पीड़ित-केंद्रित नहीं हो सकते।”
यह मामला वर्षों से चल रहे विवादों के बाद सामने आया है। इससे पहले वर्जीनिया जियुफ्रे ने आरोप लगाया था कि 2001 में, जब वह 17 वर्ष की थीं, उन्हें लंदन लाकर पूर्व राजकुमार के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया था। इस सप्ताह सामने आई दूसरी कथित पीड़िता, जो उस समय 20 की उम्र में थी, का दावा है कि एंड्रयू के साथ रात बिताने के बाद उसे बकिंघम पैलेस का दौरा भी कराया गया और वहां चाय भी पिलाई गई।
फ्लोरिडा स्थित अमेरिकी कानून फर्म एडवर्ड्स हेंडरसन के वकील ब्रैड एडवर्ड्स—जो दिवंगत जियुफ्रे के भी वकील रहे हैं—ने बीबीसी को बताया कि उनकी मुवक्किल और एंड्रयू के बीच यौन संबंध से पहले संपर्क हुआ था।
वर्जीनिया जियुफ्रे के मरणोपरांत प्रकाशित संस्मरण के बाद अक्टूबर में एंड्रयू से प्रिंस और ड्यूक ऑफ यॉर्क की उपाधियां छीन ली गई थीं। साथ ही यह भी घोषणा की गई थी कि वह विंडसर एस्टेट स्थित रॉयल लॉज छोड़ देंगे, जहां वह 2004 से रह रहे थे।
पूर्व राजकुमार की उपाधियां हटाने की घोषणा करते हुए बकिंघम पैलेस ने बयान में कहा था, “ये दंड आवश्यक माने गए हैं, इस तथ्य के बावजूद कि वह अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार करते रहे हैं।” इस बीच, अमेरिकी कांग्रेस में विपक्षी डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि एंड्रयू एपस्टीन जांच के तहत सवालों के जवाब देने के लिए उनके समक्ष पेश हों।
शुक्रवार को अमेरिकी न्याय विभाग ने दिवंगत यौन अपराधी से जुड़े 30 लाख से अधिक पन्नों के दस्तावेज जारी किए। इनमें एक तस्वीर भी शामिल थी, जिसमें एंड्रयू माउंटबैटन-विंडसर एक अज्ञात महिला के ऊपर घुटनों के बल बैठे दिखते हैं, हालांकि इसके साथ कोई अतिरिक्त विवरण या संदर्भ नहीं दिया गया।
कुछ फाइलों से यह भी संकेत मिलता है कि एपस्टीन पिछले 15 वर्षों तक एंड्रयू की पूर्व पत्नी और यॉर्क की पूर्व डचेस सारा फर्ग्यूसन की आर्थिक मदद करता रहा था। (पीटीआई) AK NPK NPK

