
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (पीटीआई) – अनुभवी भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी जोश्ना चिनप्पा ने मिस्र की नारडिन गारास को सीधे गेम्स में हराकर जापान के योकोहामा में आयोजित जापान ओपन पीएसए चैलेंजर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
39 वर्षीय पूर्व महिला विश्व रैंकिंग नंबर 10 जोश्ना ने शनिवार को क्वार्टरफाइनल में मिस्र की दूसरे सीड गारास को 11-8, 15-13, 11-9 से हराया।
जोश्ना अब सेमीफाइनल में चौथे सीड मिस्र की राना इस्माइल से मुकाबला करेंगी।
इसके पहले, पूर्व एशियाई चैंपियन और विश्व डबल्स चैंपियन जोश्ना ने दूसरे राउंड में फ्रांसीसी पांचवें सीड लॉरेन बाल्टायन को 11-7, 11-4, 11-9 से और पहले राउंड में मलेशियाई एंरी गोह को 11-6, 11-6, 11-6 से हराया था।
