जमशेदपुर (झारखंड), 25 जनवरी (पीटीआई) भाजपा ने झारखंड पुलिस से जमशेदपुर के एक उद्योगपति के 24 वर्षीय बेटे का पता लगाकर उसे सुरक्षित बचाने की अपील की है, जिसके कथित तौर पर 12 दिन पहले अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है।
भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे से मुलाकात की और उद्योगपति देवांग गांधी के बेटे कैरव गांधी के 13 जनवरी को कथित अपहरण पर चिंता जताई। उसी रात पुलिस ने पड़ोसी सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एनएच-33 पर कंदरबेड़ा से कैरव गांधी की कार बरामद की थी।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी का राज्य नेतृत्व 27 जनवरी को इस मामले को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के समक्ष उठाएगा और 28 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस बारे में अवगत कराते हुए सीबीआई जांच की मांग करेगा।
भाजपा की जमशेदपुर महानगर समिति के अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात कर कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रभावी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
सिन्हा ने कहा कि एक युवा उद्यमी का “अपहरण” गंभीर चिंता का विषय है और इससे शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

