खूंटी (झारखंड), 28 जनवरी (पीटीआई): झारखंड के खूंटी जिले में एक आदिवासी गांव के मुखिया की हत्या के मामले में दो शूटरों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस मामले में अब तक कुल 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार, खूंटी विधानसभा सीट से अबुआ झारखंड पार्टी (एजेपी) के टिकट पर 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके सोमा मुंडा की 7 जनवरी को भूमि विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष टोप्पो ने पत्रकारों को बताया, “अपराध में शामिल शूटरों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले आठ लोगों को पकड़ा गया था।”
शूटरों की पहचान सुमित डागल (20) और मार्कस संगा के रूप में हुई है। एसपी ने बताया, “शूटरों की गिरफ्तारी के बाद चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया।”
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, चार कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक चार पहिया वाहन और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
सोमा मुंडा को उस समय गोली मार दी गई थी जब वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से नामकुम–जमुआदाग रोड पर घर लौट रहे थे।
वह 22 गांवों के पारंपरिक मुखिया ‘आदेल संगा पाढ़ा राजा’ थे।
एसपी ने बताया कि मुंडा की हत्या खूंटी थाना क्षेत्र के जियारप्पा गांव में 3.16 एकड़ जमीन को लेकर हुए विवाद के कारण की गई थी।

