झारखंड: मोटरसाइकिल सड़क डिवाइडर से टकराई, दो छात्रों की मौत, दो अन्य घायल

Accident (Representative Image)

रांची, 11 फरवरी (पीटीआई) झारखंड के गुमला जिले में बुधवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के सड़क डिवाइडर से टकरा जाने से दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बिशुनपुर थाना क्षेत्र के करम टोली गांव के पास उस समय हुआ, जब चारों छात्र कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा का पेपर देकर गुरदारी क्षेत्र स्थित अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतक दोनों की उम्र 17 वर्ष थी।

बिशुनपुर थाने के उप-निरीक्षक मुकेश प्रसाद ने कहा, “चारों दोस्त कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा का पेपर देकर घर लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल सड़क डिवाइडर से टकरा गई। दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।” उन्होंने कहा कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई।

उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों का इलाज बिशुनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है। PTI RPS RPS ACD