
पाम बीच (फ्लोरिडा), 15 जनवरी (एपी): दिग्गज गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स ने अपने टीजीआर फाउंडेशन के 30 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाते हुए कहा कि पिछले साल फाउंडेशन ने शिक्षा से जुड़ी पहलों के लिए 5 करोड़ डॉलर जुटाए। समारोह का समापन अटलांटा फाल्कन्स के मालिक आर्थर ब्लैंक द्वारा अटलांटा में एक नए लर्निंग लैब के लिए 2 करोड़ डॉलर के अनुदान की घोषणा के साथ हुआ।
बुधवार रात द ब्रेकर्स में आयोजित 30वीं वर्षगांठ समारोह वुड्स के 50 वर्ष के होने के दो सप्ताह बाद हुआ। इस निजी समारोह में कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं और गायक जॉन बॉन जोवी ने प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम को “RED: Celebrating Legacy” नाम दिया गया था और इसका प्रस्तुतिकरण प्रायोजक अर्न्स्ट एंड यंग (अब ‘EY’) था। ‘सन डे रेड’ वह परिधान कंपनी है जिसे वुड्स ने दो साल पहले शुरू किया था। उनकी दिवंगत मां कुल्तिदा ने उन्हें बताया था कि लाल रंग उनका शक्ति रंग है। वुड्स ने पीजीए टूर पर अपनी 82 जीतों में, जिनमें 15 मेजर खिताब शामिल हैं, रविवार को लाल शर्ट पहनी थी।
हालांकि सबसे बड़ा सरप्राइज आर्थर एम. ब्लैंक फैमिली फाउंडेशन की ओर से अटलांटा में टीजीआर लर्निंग लैब के लिए 2 करोड़ डॉलर का अनुदान रहा।
ब्लैंक पीजीए टूर बोर्ड के सदस्य हैं और अटलांटा ड्राइव टीम के मालिक भी हैं, जो हाई-टेक इनडोर लीग टीजीएल का हिस्सा है, जिसे शुरू करने में वुड्स ने अहम भूमिका निभाई।
ब्लैंक ने एक बयान में कहा, “मुझे टाइगर के प्रति गहरा सम्मान और प्रशंसा है — न सिर्फ उनके महान खेल करियर के लिए, बल्कि इस बात के लिए भी कि वे मैदान के बाहर भी उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व करते हैं। शिक्षा और समुदाय की ताकत में इतनी गहरी आस्था रखने वाले व्यक्ति के साथ साझेदारी करना मेरे लिए सम्मान की बात है।”
उन्होंने कहा, “टीजीआर फाउंडेशन के लर्निंग लैब्स से लेकर इसके कार्यक्रमों के जरिए सशक्त हुए लाखों छात्रों तक का प्रभाव देखना बेहद प्रेरणादायक है और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि टीजीआर लर्निंग लैब अटलांटा हमारे समुदाय पर क्या असर डालेगा।”
वुड्स ने 1996 में पेशेवर बनने के साथ ही टाइगर वुड्स फाउंडेशन की शुरुआत की थी, जिसे एक दशक पहले उनके गोल्फ से इतर कार्यों के पुनःब्रांडिंग के तहत टीजीआर फाउंडेशन नाम दिया गया। शुरुआत में उन्होंने देशभर में क्लीनिक आयोजित किए और पांच साल बाद एक लर्निंग सेंटर का विचार सामने आया।
पहला लर्निंग लैब कैलिफोर्निया के एनाहिम में, उनके गृहनगर के पास खोला गया था। अटलांटा पांचवां लर्निंग लैब होगा। अन्य लर्निंग लैब फिलाडेल्फिया, लॉस एंजिलिस और जॉर्जिया के ऑगस्टा में खोले गए हैं या प्रस्तावित हैं। ऑगस्टा वाला प्रोजेक्ट ऑगस्टा नेशनल द्वारा नगर निगम के गोल्फ कोर्स ‘द पैच’ के नवीनीकरण का हिस्सा है। फाउंडेशन का उद्देश्य वंचित समुदायों के छात्रों को शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद करना है। टीजीआर फाउंडेशन के अनुसार, उसने 2006 से अब तक 30 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंच बनाई है और 2.17 लाख से ज्यादा छात्रों को सेवाएं दी हैं।
वुड्स ने दान की घोषणा करते हुए जारी बयान में कहा, “आज की रात ने मुझे याद दिलाया कि जिस विरासत पर मुझे सबसे ज्यादा गर्व है, वह गोल्फ कोर्स पर नहीं, बल्कि टीजीआर फाउंडेशन के जरिए छात्रों के जीवन पर पड़े सकारात्मक प्रभाव में है। मुझे आने वाले समय को लेकर उत्साह है, जब हम अपने समर्थकों के साथ मिलकर जरूरतमंद समुदायों के और ज्यादा युवाओं तक पहुंच बनाएंगे।”
गोल्फ के मैदान पर, वुड्स मंगलवार रात अपनी जुपिटर लिंक्स टीम के टीजीएल मुकाबले में शामिल हुए थे। उन्होंने यह नहीं बताया कि वे कब और कहां प्रतिस्पर्धी गोल्फ में वापसी कर पाएंगे। उन्होंने आखिरी बार दिसंबर 2024 में अपने बेटे चार्ली के साथ 36-होल का पीएनसी चैंपियनशिप खेला था।
मार्च में वुड्स का एचिलीस टेंडन फट गया था और सितंबर में उनकी सातवीं पीठ की सर्जरी हुई थी।
इसके अलावा, वे पीजीए टूर की नीतियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे टूर और पीजीए टूर एंटरप्राइजेज के बोर्ड में शामिल हैं और फ्यूचर्स कॉम्पिटिशन कमेटी के अध्यक्ष हैं, जो टूर्नामेंट शेड्यूल को नया रूप दे रही है। (एपी)
