टाटा स्टील मास्टर्स: छठे दौर में अब्दुसत्तोरोव से भिड़ेंगे गुकेश

वाइक आन ज़ी (नीदरलैंड्स), 23 जनवरी (PTI) – पिछले मुकाबले में जीत से आत्मविश्वास हासिल करने वाले भारत के विश्व चैंपियन डी गुकेश यहां टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से भिड़ेंगे।

पांचवें दौर में गुकेश ने काले मोहरों से चेक गणराज्य के थाई दाई वान गुयेन को हराया था और छठे दौर में भी उन्हें काले मोहरों से ही खेलना होगा। हालांकि, अब तक के प्रदर्शन को देखते हुए मोहरों का रंग उनके लिए मायने नहीं रखता।

उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ शुरुआती दौर में बेहतर स्थिति का लाभ नहीं उठा पाने और डच ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वान फोरेस्ट के खिलाफ थोड़ी अस्थिरता के बाद गुकेश ने स्वीकार किया कि टूर्नामेंट की शुरुआत सामान्य रही, लेकिन अब सब कुछ ठीक चल रहा है।

चार ड्रॉ और एक जीत के साथ गुकेश के खाते में तीन अंक हैं और वह संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। वह अब्दुसत्तोरोव, सिंदारोव और अमेरिका के हांस नीमन से आधा अंक पीछे हैं।

अर्जुन एरिगैसी ने आर प्रज्ञानानंदा के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत की थी, इसके बाद उनके तीन मुकाबले ड्रॉ रहे। हालांकि, वह स्लोवेनिया का प्रतिनिधित्व कर रहे रूसी खिलाड़ी व्लादिमीर फेडोसेव से हार गए।

एरिगैसी की यह हार निराशाजनक रही क्योंकि जटिल स्थितियों में खेलना उनकी खासियत माना जाता है। 2.5 अंकों के साथ अर्जुन संयुक्त सातवें स्थान पर खिसक गए हैं और छठे दौर में वह जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के खिलाफ जोरदार वापसी की उम्मीद करेंगे।

गत विजेता प्रज्ञानानंदा अब तक अपने विशाल प्रशंसक वर्ग की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। केवल 1.5 अंकों के साथ, कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में खेलने वाले एकमात्र भारतीय के लिए जल्द लय हासिल करना जरूरी है, नहीं तो वापसी करना मुश्किल हो सकता है। अगले मुकाबले में प्रज्ञानानंदा का सामना फेडोसेव से होगा।

प्रतियोगिता में शामिल अन्य भारतीय अरविंद चितंबरम के भी 1.5 अंक हैं और वह टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ अपने प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद करेंगे।

अपने 88वें संस्करण में पहुंच चुका टाटा स्टील मास्टर्स 14 खिलाड़ियों के बीच राउंड-रॉबिन आधार पर 13 दौर में खेला जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को विश्वनाथन आनंद अतीत में पांच बार जीत चुके हैं।

छठे दौर की जोड़ियां:

नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (उज्बेकिस्तान, 3.5) बनाम डी गुकेश (भारत, 3);

आर प्रज्ञानानंदा (भारत, 1.5) बनाम व्लादिमीर फेडोसेव (स्लोवेनिया, 3);

मैथियास ब्लूबाउम (जर्मनी, 2.5) बनाम अर्जुन एरिगैसी (भारत, 2.5);

अरविंद चितंबरम (भारत, 1.5) बनाम जावोखिर सिंदारोव (उज्बेकिस्तान, 3.5);

हांस मोके नीमन (अमेरिका, 3.5) बनाम विन्सेंट कीमर (जर्मनी, 2.5);

यागिज़ कान एरदोगमुस (तुर्की, 2) बनाम जॉर्डन वान फोरेस्ट (नीदरलैंड्स, 3);

थाई दाई वान गुयेन (चेक गणराज्य, 1.5) बनाम अनिश गिरी (नीदरलैंड्स, 1.5)।

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, टाटा स्टील मास्टर्स: छठे दौर में अब्दुसत्तोरोव से भिड़ेंगे गुकेश