गैल्वेस्टन (अमेरिका), 23 दिसंबर (एपी) मैक्सिकन नौसेना का एक छोटा विमान, जिसमें एक वर्षीय चिकित्सा मरीज सहित सात अन्य लोग सवार थे, सोमवार को टेक्सास के गैल्वेस्टन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।
मैक्सिकन नौसेना ने एसोसिएटेड प्रेस को दिए बयान में बताया कि आपातकालीन कर्मियों ने चार लोगों को बचा लिया है, जबकि विमान के अंदर मौजूद दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। नौसेना के अनुसार, विमान में सवार चार लोग नौसेना अधिकारी थे और चार नागरिक थे। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि लापता लोग कौन हैं और मृतक कौन हैं।
यह दुर्घटना सोमवार को टेक्सास तट पर ह्यूस्टन से लगभग 50 मील (80.5 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में स्थित गैल्वेस्टन के पास एक कॉजवे के आधार के नजदीक हुई।
मैक्सिकन नौसेना ने बयान में कहा कि विमान एक चिकित्सीय मिशन में सहायता कर रहा था और उसे “दुर्घटना” का सामना करना पड़ा। नौसेना ने हादसे के कारणों की जांच का आश्वासन दिया है।
नौसेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह खोज और बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों की मदद कर रही है।
टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी ने एक्स पर बताया कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचने वाले थे।
गैल्वेस्टन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि उसके गोताखोर दल, अपराध स्थल इकाई, ड्रोन इकाई और गश्ती दल के अधिकारी हादसे पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
शेरिफ कार्यालय ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “घटना की जांच जारी है और जैसे-जैसे जानकारी उपलब्ध होगी, उसे जारी किया जाएगा,” साथ ही जनता से अपील की गई कि आपातकालीन सेवाओं को सुरक्षित रूप से काम करने देने के लिए क्षेत्र से दूर रहें।
गैल्वेस्टन एक द्वीप है, जो एक लोकप्रिय समुद्र तट पर्यटन स्थल है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौसम इस दुर्घटना का कारण था या नहीं। हालांकि, नेशनल वेदर सर्विस के मौसम विज्ञानी कैमरन बैटिस्ट के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में कोहरे की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे कोहरा छा गया था, जिससे दृश्यता लगभग आधा मील रह गई थी। कोहरे की स्थिति मंगलवार सुबह तक बने रहने की संभावना है। (एपी) एएमजे एएमजे
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, टेक्सास के गैल्वेस्टन के पास मैक्सिकन नौसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, कम से कम 2 की मौत

