तीन दशक बाद, नाटो सांसद डेटन शांति समझौते की जगह पर पहुंचे

डेटन (अमेरिका), 22 मई (एपी) नाटो से जुड़े देशों के प्रतिनिधि इस गुरुवार से अमेरिका के ओहायो राज्य के उस शहर में एकत्रित होंगे, जहां तीन दशक पहले तीन साल लंबे बोस्नियाई युद्ध को समाप्त करने वाला समझौता हुआ था। यह बैठक दुनियाभर में चल रहे संघर्षों के समाधान में डेटन शांति समझौते से मिली सीखों पर चर्चा के लिए हो रही है।

नाटो संसदीय सभा, जो संगठन के 32 सदस्य देशों के लगभग 300 सांसदों का एक ट्रांसअटलांटिक मंच है, डेटन में अपनी पांच दिवसीय बैठक के लिए पहुंच रही है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब ट्रंप प्रशासन ने इस पर सवाल उठाया है कि क्या अमेरिका यूरोप में अपने नाटो सहयोगियों की रक्षा करेगा, यदि वे अपने रक्षा खर्च में पर्याप्त योगदान नहीं देते।

यह पहली बार है जब 2003 के बाद यह आयोजन अमेरिका में हो रहा है।

आयोजक 1995 में हुए डेटन शांति समझौते की 30वीं वर्षगांठ को शांति और कूटनीति की शक्ति के उत्सव के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। यह समझौता डेटन के राइट-पैटरसन एयर फोर्स बेस पर किया गया था और बाद में पेरिस में उस पर हस्ताक्षर हुए थे।

डेटन शहर के मध्य स्थित नाटो विलेज को नाटो देशों के झंडों से सजाया गया है, और औपचारिक संसदीय बैठकों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों की भी योजना बनाई गई है, जिनमें कला और इतिहास प्रदर्शनी, और आम जनता के लिए मुफ्त व्याख्यान शामिल हैं। 29 मई को “कंसर्ट फॉर पीस” का आयोजन होगा, जिसमें डेटन और सरेजेवो की सिम्फनी से जुड़े संगीतकार प्रस्तुति देंगे।

डेटन एरिया चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और सीईओ क्रिस केर्श्नर ने कहा, “यहां वातावरण में एक उत्साह है। यह हमारे समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि इसमें काम कर रहे हर व्यक्ति के लिए एक बार का अवसर है। हर कोई बहुत उत्साहित है… वे जानते हैं कि वे इतिहास का हिस्सा बन रहे हैं।”

डेटन यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस की प्रोफेसर और ह्यूमन राइट्स सेंटर की कार्यकारी निदेशक नताली हडसन ने कहा कि बोस्निया, सर्बिया और कुछ हद तक क्रोएशिया के बीच 1990 के दशक की शुरुआत में चले लंबे और भयावह संघर्ष को समाप्त करने वाले समझौते की मेजबानी ने शहर के चरित्र को आकार देने में भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा, “उस समय डेटन और यहां के लोग राइट-पैटरसन एयर फोर्स बेस पर क्या हो रहा था, उससे बहुत अच्छी तरह वाकिफ थे। प्रार्थना सभाएं हुईं। सरेजेवो, डेटन की सिस्टर सिटी बन गई और एक गहरा संबंध बना। और ‘शांति का शहर’ के रूप में डेटन की पहचान बन गई, जिस पर हम बहुत गर्व करते हैं।”

इस भावना से प्रेरित होकर शहर में इंटरनेशनल पीस म्यूजियम की स्थापना हुई, जो अमेरिका में शायद अपनी तरह का इकलौता संग्रहालय है।

हडसन उन वक्ताओं में शामिल हैं जो “द डेटन डायलॉग: बॉल्कन क्षेत्र में शांति और सुरक्षा पर संवाद” नामक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह चार दिन का पैनल डिस्कशन है, जो डेटन यूनिवर्सिटी के रोजर ग्लास सेंटर फॉर द आर्ट्स में नाटो संसदीय सभा के साथ-साथ आयोजित होगा।

डेटन शांति समझौते की 30वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में “थिंक फ्रीडम” प्रोजेक्ट की भी योजना बनाई गई है, जिसमें कला, इतिहास और सामुदायिक सहभागिता को एक साथ लाया जाएगा।

ओल्ड मोंटगोमरी काउंटी कोर्टहाउस में “डेटन अराउंड द वर्ल्ड” नामक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर के इतिहास से जुड़ी वस्तुएं और कहानियां होंगी — यह वही शहर है जहां राइट ब्रदर्स ने उड्डयन की दिशा में अपनी क्रांतिकारी खोज की थी।

इतने बड़े स्तर के आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी जरूरी होती है। विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारी भी आ सकते हैं। शहर ने नाटो विलेज और समिट स्थल को सुरक्षित रखने के लिए 7,00,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक खर्च करके बैरिकेड और बाड़ लगाई है। ये स्थान रविवार तक आम लोगों के लिए बंद रहेंगे।

केर्श्नर ने कहा कि सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी की गई है।

उन्होंने कहा, “डेटन इस तरह के आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारे पास एक शानदार पुलिस विभाग है। हमने ओहायो स्टेट हाईवे पेट्रोल, होमलैंड सिक्योरिटी और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया है ताकि हर किसी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।”

अमेरिकी संसद में डेटन का प्रतिनिधित्व करने वाले रिपब्लिकन सांसद माइक टर्नर अमेरिकी संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख हैं। वह गुरुवार दोपहर कार्यक्रम की शुरुआत में अन्य गणमान्य लोगों के साथ शामिल होंगे। (AP) NPK NPK

Category: Breaking News

SEO Tags: #swadesi, #News, Three decades later, NATO parliamentarians head to site of Dayton Peace Accords