जमशेदपुर, 12 जनवरी (पीटीआई) वन विभाग ने वन्यजीवों के अवैध व्यापार में संलिप्त तीन लोगों को दर्जनों तोतों और अन्य वन्यजीव सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी।
वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो से वन्यजीव सामग्री और पैराकीट्स के अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर वन विभाग की एक टीम ने रविवार शाम साकची गोलचक्कर के पास अभय गुप्ता नामक व्यक्ति को एक डिब्बे में भरे 35 पैराकीट्स के साथ गिरफ्तार किया, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) सबा आलम अंसारी ने बताया।
यहां मीडिया से बात करते हुए डीएफओ ने कहा कि पूछताछ के दौरान गुप्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर सोमवार को मोहम्मद गुद्दू और समीर अंसारी नामक दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि उनकी निशानदेही पर उनके घरों से 10 कॉकटेल पक्षी, 35 बड़े पैराकीट्स और एक हिरण का सींग बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है।
जब उनसे यह पूछा गया कि वे ये वन्यजीव सामग्री कहां से लाते थे, तो अंसारी ने कहा कि इस पहलू की जांच अभी जारी है।
उन्होंने कहा, “पूरी तरह से पूछताछ के बाद ही हम इस बारे में कुछ कह पाएंगे।” डीएफओ ने बताया कि मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
SEO टैग्स: #स्वदेशी, #समाचार, तोते और वन्यजीव सामग्री के साथ तीन गिरफ्तार: वन विभाग

