दिल्ली एयरपोर्ट से महिला गिरफ्तार, कंबोडिया से चल रहे साइबर फ्रॉड रैकेट में थी शामिल

गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से 24 वर्षीय खुशबू नामक महिला को गिरफ्तार किया है, जो कंबोडिया से संचालित एक साइबर ठगी गिरोह का हिस्सा थी। खुशबू गुजरात के सूरत की रहने वाली है और बारहवीं तक पढ़ी है। वह कंबोडिया की राजधानी फ्नोम पेन्ह स्थित ‘मैंगो पार्क’ नामक कॉल सेंटर में काम करती थी, जहां चीनी मूल के लोगों द्वारा साइबर फ्रॉड का नेटवर्क चलाया जाता है।

इस रैकेट में, आरोपी खुद को पुलिस, सीबीआई या कस्टम अधिकारी बताकर लोगों को “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाते थे और फर्जी आरोपों में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलते थे।

खुशबू को 700 अमेरिकी डॉलर महीने की सैलरी मिलती थी और वह साइबर फ्रॉड के पहले चरण में काम करती थी, जिसमें लोगों को आधार कार्ड या मोबाइल नंबर के दुरुपयोग के झूठे आरोप लगाकर डराया जाता था।

पुलिस जांच में पता चला कि इस फ्रॉड के जरिए वसूले गए 39 लाख रुपये एक ऐसे खाते में भेजे गए, जिसे पहले सुरेंद्र नामक व्यक्ति ने मितेश को पांच लाख रुपये में बेचा था, और मितेश ने वही खाता खुशबू को बेच दिया।

खुशबू ने पूछताछ में बताया कि वह नवंबर 2023 में दुबई गई थी और अगस्त 2024 में कंबोडिया पहुंची थी।

अब तक इस मामले में खुशबू सहित कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर क्राइम में किया गया था।