दिल्ली के द्वारका में डिलीवरी ऐप के जरिए शराब तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा गया

दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ऐप-आधारित लॉजिस्टिक्स सेवाओं का इस्तेमाल कर हरियाणा से अवैध शराब दिल्ली में पहुंचा रहा था। पुलिस ने 33 वर्षीय गौरव गुप्ता को गिरफ्तार किया, जो एक ऐप-आधारित कूरियर सेवा का डिलीवरी पार्टनर था। उसके पास से इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में छुपाकर लाई गई 1,200 क्वार्टर (216 लीटर) अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह हरियाणा के बहादुरगढ़ से शराब खरीदता था और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए वैध डिलीवरी के नाम पर दिल्ली बॉर्डर पार कर तस्करी करता था। 3 और 4 जून की रात ककरोला रोड, सेक्टर 16-बी, द्वारका के पास एक टेंपो को रोककर यह बरामदगी की गई। जांच में टेंपो से हरियाणा बिक्री के लिए चिह्नित 24 कार्टन अवैध शराब मिली। इस मामले में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में गौरव ने बताया कि वह ऑनलाइन ऐप के लिए ड्राइवर और डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करता था और शुरुआत में ऐप-बुकिंग के जरिए खेप पहुंचाता था। बाद में वह सीधे बहादुरगढ़ के एक व्यक्ति ‘सुताज’ के लिए शराब पहुंचाने लगा।