दिल्ली के नरेला में 15 वर्षीय किशोर ने तवा और चाकू से की 30 वर्षीय युवक की हत्या, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30 जून (पीटीआई) — बाहरी-उत्तर दिल्ली के मेट्रो विहार इलाके में एक 15 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर एक 30 वर्षीय व्यक्ति की तवा और चाकू से हत्या करने और नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी किशोर को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया।

29 जून को नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में एक पीसीआर कॉल आई थी कि मेट्रो विहार फेज-2 के एक घर में एक शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि सुनील मंडल (30), जो बिहार का रहने वाला था और शादी समारोहों के लिए ठेकेदारी करता था, घर के फर्श पर गला कटा पड़ा था। वह वहां अकेला रहता था।

क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। मौके से खून से सने सामान, सिम कार्ड और टूटा हुआ मोबाइल फोन सहित कई सबूत जब्त किए गए।

सुनील मंडल को नरेला के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए बीजेआरएम मोर्चरी भेजा गया।

मृतक के दोस्त लल्लू के बयान पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि 28 जून की रात करीब 10:30 बजे एक किशोर सुनील के साथ घर में दाखिल हुआ और रात 1:33 बजे अकेला गेट फांदकर बाहर निकल गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में किशोर ने हत्या करना और 1,500 रुपये नकद व दो मोबाइल फोन चुराना स्वीकार किया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पहले तवे से सुनील के सिर पर वार किया, फिर चाकू से उसका गला रेत दिया और नकदी व मोबाइल लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने चाकू, तवा, चोरी की गई नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

मामले की आगे जांच जारी है।