नई दिल्ली, 5 जनवरी (पीटीआई): पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में हुए एक विवाद के बाद एक युवक की पिटाई की गई, उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और उसके बेटे को कपड़े उतारकर पीटा गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान सतीश के रूप में हुई है। वह पीड़ित के जिम में केयरटेकर के रूप में काम करता था। घटना में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब सतीश ने कथित तौर पर दंपती के साथ धोखाधड़ी कर उनके जिम पर कब्जा कर लिया।
पुलिस को 2 जनवरी को इस घटना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों को घायल अवस्था में पाया। सभी को इलाज के लिए हेजवार अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के बाद शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उनके बयान दर्ज किए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), धारा 329 (आपराधिक अतिक्रमण), धारा 333 (चोट पहुंचाने की तैयारी के साथ घर में घुसना) शामिल हैं।
इसके अलावा, महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग से संबंधित धारा 74, महिला की लज्जा का अपमान करने के उद्देश्य से शब्द, इशारा या कृत्य से संबंधित धारा 79, आपराधिक धमकी से जुड़ी धारा 351(3) और सामूहिक जिम्मेदारी से संबंधित धारा 3(5) भी लगाई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

