नई दिल्ली, 3 जुलाई (पीटीआई) — दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में एक महिला और उसके किशोर बेटे के शव उनके घर से बरामद हुए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को संदेह है कि इस दोहरे हत्याकांड में परिवार के घरेलू सहायक (ड्राइवर और हेल्पर) की भूमिका है, जो घटना के बाद फरार था।
घटना बुधवार देर रात सामने आई, जब पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
महिला (42) का शव बेडरूम में और उसके 14 वर्षीय बेटे का शव बाथरूम में मिला। दोनों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
मृतकों की पहचान रुचिका सैवानी और उनके बेटे कृष सैवानी के रूप में हुई है। रुचिका अपने पति कुलदीप सैवानी के साथ लाजपत नगर मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाती थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश (24), जो बिहार के हाजीपुर का निवासी है और परिवार की दुकान में ड्राइवर व हेल्पर का काम करता था, वारदात के बाद भाग गया था। उसे उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

