
नई दिल्ली, 5 सितम्बर (भाषा) दिल्ली जू ने शुक्रवार को कहा कि उसकी एवियरी में मौजूद जलपक्षियों या तालाबों के आसपास पाए जाने वाले प्रवासी पक्षियों में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) से किसी नई मौत की खबर नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए सख्त स्वच्छता और जैव-सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (एनजेडपी) के निदेशक संजीत कुमार ने कहा कि संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए बीट इंचार्ज और सेक्शन सुपरवाइजर्स के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और रोकथाम संबंधी प्रथाओं पर फॉलो-अप सत्र आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने एक बयान में कहा, “हम पूरे परिसर में कठोर स्वच्छता बनाए हुए हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी कर्मचारियों को रोकथाम संबंधी उपायों पर प्रशिक्षित किया गया है।”
जू प्रबंधन स्वास्थ्य सलाहकार समिति के विशेषज्ञों से वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से नियमित परामर्श भी कर रहा है ताकि पशुओं और पक्षियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम तय किए जा सकें।
बयान में कहा गया, “राष्ट्रीय प्राणी उद्यान पूरी तरह सतर्क है और मानक प्रोटोकॉल और दिशानिर्देशों के अनुरूप बीमारी को जल्द से जल्द नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।”
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) के प्रतिनिधियों ने दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ गुरुवार को जू का दौरा किया और लागू उपायों की समीक्षा की।
पिछले शुक्रवार को पहली बार पेंटेड स्टॉर्क और आइबिस पक्षियों की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद एहतियातन जू प्रबंधन ने शनिवार से परिसर को दर्शकों के लिए बंद कर दिया था।
श्रेणी : ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स : #swadesi, #News, दिल्ली जू में एवियन इन्फ्लुएंजा से कोई नई पक्षी मौत नहीं; सख्त जैव-सुरक्षा उपाय लागू
