दिल्ली: ट्रेडिंग ऑफिस से 26 लाख की लूट में चार गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 जून (पीटीआई)

दिल्ली के चांदनी चौक स्थित एक ट्रेडिंग ऑफिस से 26 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ऑफिस में मौजूद इकलौते कर्मचारी को बांधकर अलमारी से नकदी लूट ली थी।

पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता मुकेश (24) पहले उसी बिल्डिंग के एक ऑफिस में काम कर चुका था और अंदर की पूरी जानकारी रखता था। उसके साथ राजमल उर्फ राजू (44), मोतीलाल (26) और कैलाश (22) को भी गिरफ्तार किया गया है।

इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी कमलेश फरार है।

यह घटना 31 मई को हुई थी, जब कमलेश और कैलाश कूरियर बनकर ऑफिस में घुसे, कर्मचारी के हाथ-पैर बांध दिए और उसका मुंह बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी से 26 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चांदनी चौक, लाल किला, धौला कुआं और जयपुर हाईवे तक करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

राजस्थान के आमेट और ढेलाना समेत कई शहरों में छापेमारी के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना से पहले 27 मई को दिल्ली पहुंचकर पहाड़गंज के अलग-अलग होटलों में ठहरकर इलाके की रेकी की थी। 31 मई को कमलेश और कैलाश ने लूट को अंजाम दिया, जबकि राजमल और मोतीलाल ने लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया।

लूट के बाद आरोपी पहले लाल किला, फिर पहाड़गंज और उसके बाद धौला कुआं से सरकारी रोडवेज बस पकड़कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस टीम जयपुर पहुंची और वहां से टैक्सी के जरिए उनके गांवों तक पहुंच गई।

ढेलाना में कैलाश की गिरफ्तारी के बाद बाकी तीनों की भी गिरफ्तारी हो गई। पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह ने पहले भी उत्तर प्रदेश के कानपुर में इसी तरह की वारदात की थी, जिसकी जानकारी वहां की पुलिस को भी दी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 लाख रुपये नकद और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।