दिल्ली पुलिस ने फर्जी HSRP बुकिंग वेबसाइटों के जरिए लोगों से ठगी करने वाले साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया

नई दिल्ली, 25 जून (पीटीआई) — दिल्ली पुलिस ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बुकिंग के नाम पर देशभर में 1,000 से ज्यादा लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के दो आरोपियों—ऋषभ गुप्ता (25) और कपिल त्यागी (35)—को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने फर्जी HSRP बुकिंग वेबसाइटें बनाईं और इन्हें पेड विज्ञापनों के जरिए असली पोर्टल की तरह प्रमोट किया। इन वेबसाइटों पर लोग नंबर प्लेट के लिए 1,200 से 1,500 रुपये तक की अग्रिम राशि जमा करते थे।

पेमेंट UPI क्यूआर कोड के जरिए उन बैंक खातों में जाता था, जो फर्जी दस्तावेजों और पहचान के आधार पर खोले गए थे। आरोपी बार-बार इन खातों में पैसे घुमाते रहते थे ताकि ट्रैक न हो सके।

मार्च में एक एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने जांच शुरू की। 11 जून को गुप्ता को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में बताया कि वेबसाइट बनाने और ऑपरेट करने की जिम्मेदारी उसी की थी, जबकि पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व कपिल त्यागी कर रहा था, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नौ डेबिट कार्ड, एक बैंक पासबुक और कई क्यूआर कोड के डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी की रकम कैश में निकालने से पहले उसे कई ‘म्यूल अकाउंट्स’ के जरिए घुमाते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।