नई दिल्ली, 5 जुलाई (पीटीआई) — उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में अपने पड़ोसी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे 32 वर्षीय युवक को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरुण डेधा ने 25 जून को 26 वर्षीय अजीत कुमार त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना अजीत के जन्मदिन से एक दिन पहले हुई थी। अजीत बुराड़ी के कौशिक एनक्लेव का निवासी था और काम से घर लौटा ही था, तभी उसी अपार्टमेंट में किराए पर रहने वाला अरुण डेधा शराब के नशे में उससे गाली-गलौज करने लगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया, “जब त्रिपाठी ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर नजदीक से उस पर गोली चला दी।” अजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन उसका 27वां जन्मदिन था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अरुण डेधा उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है। 4 और 5 जुलाई की दरम्यानी रात करीब 3 बजे दादरी के तिलपाटा चौक के पास पुलिस ने छापा मारा। अरुण भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन थोड़ी देर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने बताया कि अरुण पिछले कुछ महीनों से बुराड़ी के किराए के फ्लैट में अकेला रह रहा था, क्योंकि उसकी पत्नी उससे अलग हो चुकी थी।
PTI BM RHL

